एजेंसी, नई दिल्ली। महिला आरक्षण 2029 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती के खास मौके पर देश की महिलाओं को एक चिट्ठी लिखी है। इस पत्र में उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को तेजी से लागू करने का अपना इरादा साफ किया है। पीएम ने भरोसा दिलाया है कि साल 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा, जिससे संसद और विधानसभाओं की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।
देशभर की हमारी माताएं-बहनें और बेटियां, साल 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव से महिला आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्णय की सराहना कर रही हैं।
भारत की नारी शक्ति को समर्पित अपने इस पत्र में मैंने दशकों से लंबित इस संकल्प को जल्द साकार करने के विषय में देशवासियों के साथ अपनी भावनाएं… pic.twitter.com/ybUGJj8Vtk
— Narendra Modi (@narendramodi) April 14, 2026
संसद में नारी शक्ति का नया अध्याय
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि देशभर की महिलाएं 2029 से चुनाव में आरक्षण मिलने के फैसले का स्वागत कर रही हैं। उन्होंने बताया कि यह एक ऐसा संकल्प था जो कई दशकों से अटका हुआ था, लेकिन अब इसे हकीकत में बदलने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने इस ऐतिहासिक कदम को लेकर देशवासियों के साथ अपनी खुशी साझा की है।
अंबेडकर जयंती पर संविधान निर्माता को याद किया
14 अप्रैल का दिन भारत के लिए बेहद खास बताते हुए प्रधानमंत्री ने डॉक्टर अंबेडकर को नमन किया। उन्होंने लिखा कि बाबासाहेब ने संविधान के जरिए समानता का जो रास्ता दिखाया है, सरकार उसी पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने संसद के सत्र में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर होने वाली चर्चा के लिए देश की करोड़ों महिलाओं से समर्थन और आशीर्वाद मांगा है।
विधायिका में महिलाओं की मजबूत भागीदारी
पीएम ने विश्वास जताया कि संसद के सभी सदस्य मिलकर इस संशोधन को मंजूरी देंगे। इससे कानून बनाने वाली संस्थाओं में महिलाओं की भूमिका और ज्यादा प्रभावी हो जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने में इस फैसले को लेकर जबरदस्त उत्साह है। महिलाएं अब विकसित भारत के निर्माण और सरकारी नीतियों को तय करने में पहले से कहीं ज्यादा बड़ी जिम्मेदारी निभाएंगी।
हर क्षेत्र में लहरा रहा है बेटियों का परचम
नारी शक्ति की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश की बेटियां विकास के हर रास्ते पर अपनी छाप छोड़ रही हैं। 21वीं सदी के भारत में विज्ञान, स्टार्टअप, शिक्षा, कला और सिनेमा जैसे तमाम क्षेत्रों में महिलाओं की कामयाबी लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में स्टार्टअप का नेतृत्व आज महिलाएं कर रही हैं, जो पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।
ये भी पढ़े : रायसेन कृषि मेले में जीतू पटवारी को पुलिस ने रोका, कांग्रेस अध्यक्ष बोले किसानों की बात करना गुनाह है क्या
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


