एजेंसी, मथुरा। वृंदावन नाव हादसा : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में एक भीषण दुर्घटना की खबर सामने आई है। यहां यमुना नदी में यात्रियों से भरा एक स्टीमर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके कारण 10 लोगों की जान चली गई है। आगरा के डीआईजी शैलेश पांडे के अनुसार, यह घटना दोपहर लगभग सवा तीन बजे केसी घाट के पास हुई, जो बांके बिहारी मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। नाव में करीब 25 से 27 लोग सवार थे और यह हादसा नदी पर बने पांटून पुल से टकराने की वजह से हुआ। प्रशासन ने अब तक 10 शव बरामद कर लिए हैं।
Deeply pained by the mishap due to the capsizing of a boat in Mathura, Uttar Pradesh. My condolences to those who have lost their near and dear ones. I pray for the speedy recovery of the injured. The local administration is assisting those affected: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) April 10, 2026
पंजाब के रहने वाले थे सभी श्रद्धालु
मथुरा के जिलाधिकारी चंद प्रकाश सिंह ने जानकारी दी कि अब तक 14 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए एनडीआरएफ और सेना की मदद ली जा रही है। लापता लोगों की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोर और पुलिस की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंजाब के लुधियाना जिले के निवासी थे और वे वृंदावन में दर्शन करने आए थे।
प्रधानमंत्री ने व्यक्त की संवेदनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मथुरा में हुई नाव दुर्घटना अत्यंत दुखद है। जिन परिवारों ने अपने सदस्यों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। प्रधानमंत्री ने घायल हुए लोगों के जल्द ठीक होने की कामना की है और कहा कि स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिए राहत कार्यों के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट की और अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत कार्यों में कोई कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के बेहतर इलाज के आदेश दिए हैं।
पुल से टकराने के कारण हुआ हादसा
यह भयावह दुर्घटना केशी घाट के पास तब हुई जब श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर अचानक पांटून पुल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नाव तुरंत पलट गई। मौके पर मौजूद पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मोर्चा संभाला, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी। फिलहाल लापता लोगों के लिए बड़े पैमाने पर खोज अभियान चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़े : केकेआर vs एलएसजी : कैमरून ग्रीन बना विलेन, अब तक एक भी बार विनिंग पारी नहीं खेल पाए
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


