एजेंसी, बड़वानी। बड़वानी में भूकंप के झटके : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में बुधवार को दोपहर के समय अचानक भूकंप के झटके महसूस किए गए जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहिपुरा गांव और आसपास के इलाकों में यह हलचल सबसे ज्यादा महसूस की गई। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.6 दर्ज की गई है। दोपहर करीब 12 बजकर 48 मिनट पर जब धरती डोली तो घरों में रखे बर्तन गिरने लगे और छत के पंखे हिलते देख लोग जान बचाने के लिए फौरन खुले मैदानों और सड़कों की ओर भागने लगे।
EQ of M: 3.6, On: 08/04/2026 12:48:53 IST, Lat: 21.868 N, Long: 74.790 E, Depth: 10 Km, Location: Barwani, Madhya Pradesh.
For more information Download the BhooKamp App https://t.co/5gCOtjdtw0 @DrJitendraSingh @OfficeOfDrJS @Ravi_MoES @GSuresh_NCS @ndmaindia pic.twitter.com/0fU5KHs30B— National Center for Seismology (@NCS_Earthquake) April 8, 2026
ग्रामीणों ने बयां किया आंखों देखा हाल
मोहिपुरा गांव के रहने वाले लोकेंद्रसिंह तोमर ने बताया कि वे अपने घर के भीतर थे तभी अचानक उन्हें तेज कंपन महसूस हुआ। उन्हें ऐसा लगा जैसे घर के पास से कोई बहुत भारी ट्रक निकला हो। कंपन करीब दो मिनट तक महसूस किया गया जिसके बाद गांव के अन्य लोग भी डर के मारे बाहर आ गए। सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से जब लोगों ने एक-दूसरे से संपर्क किया तब जाकर स्पष्ट हुआ कि यह भूकंप था। हालांकि इस भूगर्भीय हलचल से अभी तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है।
भूकंप केंद्र ने की पुष्टि
शहर में स्थित भूकंप केंद्र के ऑपरेटर हुकुम कुमार के अनुसार एमईक्यू मशीन में यह कंपन स्पष्ट रूप से दर्ज हुआ है। हालांकि केंद्र की वेबसाइट पर इसकी तीव्रता 3.4 दिखाई गई है लेकिन स्थानीय स्तर पर यह 3.6 मापी गई। यह मशीन लगभग 40 से 50 किलोमीटर के दायरे में होने वाली जमीनी हलचल पर नजर रखती है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है लेकिन स्थानीय स्तर पर दिन भर इसी घटना की चर्चा बनी रही।
उज्जैन से 178 किमी दूर था हलचल का केंद्र
भूकंप विज्ञानियों के अनुसार इस भूकंप का मुख्य केंद्र उज्जैन से करीब 178 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित था। भौगोलिक दृष्टि से यह स्थान गुजरात के सूरत से 217 किलोमीटर और महाराष्ट्र के नासिक से लगभग 232 किलोमीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि तीव्रता कम होने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है लेकिन सुरक्षा के लिहाज से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
ये भी पढ़े : मासूमों के खून से फिर दहला मणिपुर : बिष्णुपुर बम हमले में 2 बच्चो की मौत हो गई, 4 जिलों में कर्फ्यू और इंटरनेट बंद
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


