आईपीएल 2026 : एसआरएच के तूफानी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने दी आरसीबी को वॉर्निंग
एजेंसी, नई दिल्ली। एसआरएच के तूफानी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने आरसीबी कोआईपीएल 2026 के पहले मैच को लेकर चेतावनी दी है। इसके साथ ही उन्होंने सीजन ओपनर मैच से पहले अपने ओपनिंग पार्टनर ट्रैविस हेड के बारे में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। आईपीएल 2026 के शेड्यूल के अनुसार एसआरएच अपने अभियान की शुरुआत मौजूदा चैंपियन आरसीबी के खिलाफ एक धमाकेदार मुकाबले से करेगा। दोनों टीमें बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।
ट्रैविस हेड को आरसीबी के खिलाफ खेलना पसंद है- अभिषेक शर्मा
आईपीएल 2026 के पहले मैच में ऑरेंज आर्मी के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड अहम भूमिका निभाते हुए नजर आ सकते हैं। इस बीच 28 मार्च को खेले जाने वाले इस मुकाबले से पहले अभिषेक ने हेड के बारे में एक मजेदार खुलासा किया है। एसआरएच के फैंस मीट कार्यक्रम में अभिषेक से पूछा गया कि आईपीएल में उनके लिए खेलने के लिहाज से सबसे पसंदीदा टीम कौन सी है। इसका जवाब देते हुए अभिषेक शर्मा ने बताया कि वैसे तो उनकी कोई पसंदीदा विपक्षी टीम नहीं है, लेकिन उनके ओपनिंग पार्टनर ट्रैविस हेड को आरसीबी के खिलाफ खेलना बहुत पसंद है।
ट्रैविस हेड ने आरसीबी के साथ की थी आईपीएल करियर की शुरुआत
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के तूफानी बल्लेबाज ट्रैविस हेड ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत आरसीबी के साथ की थी। 2016 और 2017 में आरसीबी का प्रतिनिधित्व करने के बाद, हेड कई सीजन तक अनसोल्ड रहे। इसके बाद वह साल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल हो गए। सनराइजर्स ने 2024 के ऑक्शन में उन्हें अपनी टीम में शामिल किया और वह तब से लेकर अब तक इसी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहे हैं। हेड एसआरएच टीम का एक अहम हिस्सा बन गए हैं और उन्होंने टीम को कई यादगार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
आईपीएल में आरसीबी के खिलाफ कैसा है हेड का रिकॉर्ड?
ट्रैविस हेड का रिकॉर्ड आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम के खिलाफ काफी अच्छा रहा है। हेड ने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स के खिलाफ 120 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक भी शामिल है। आईपीएल में आरसीबी के खिलाफ उनका औसत 40 का है, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 222.22 का जबरदस्त रहा है। इसलिए, आरसीबी के खिलाफ हेड के रिकॉर्ड को देखते हुए उम्मीद है कि आईपीएल 2026 के पहले मैच में भी वो इसी प्रदर्शन को दोहराएंगे।
ये भी पढ़े : केकेआर के हर्षित राणा के बाद अब भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप हुआ बाहर
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


