एजेंसी, कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें ‘सबसे बड़ा घुसपैठिया’ करार दिया। कोलकाता के रेड रोड पर ईद की नमाज के बाद आम जनता को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेश जाते हैं तो वहां के नेताओं से हाथ मिलाते हैं और दोस्ती की कसमें खाते हैं, लेकिन भारत लौटते ही हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा छेड़ देते हैं और आम लोगों को घुसपैठिया बताने लगते हैं।
ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आप लोगों के नाम हटाने और उन्हें बाहर का बताने की राजनीति करते हैं, जबकि असलियत में आप खुद बड़े घुसपैठिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र ने बंगाल की चुनी हुई सरकार के अधिकारों पर कब्जा कर लिया है और राज्य में अनऑफिशियल यानी अघोषित राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने साफ लहजे में कहा कि वह इन धमकियों से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग बंगाल की एकता को तोड़ने और समाज को बांटने की साजिश रच रहे हैं, उन्हें अंजाम भुगतना होगा।
ये भी पढ़े : एअर इंडिया की बड़ी चूक : कनाडा जा रहे विमान को बीच रास्ते से बुलाया वापस, 8 घंटे हवा में रहने के बाद दिल्ली लौटा जहाज
दूसरी ओर, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। विजयन ने राहुल गांधी और उनकी पार्टी को बीजेपी की ‘बी-टीम’ बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जमीनी हकीकत समझने में परेशानी होती है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब राहुल गांधी ने सवाल उठाया था कि देश के अन्य विपक्षी नेताओं को तो केंद्रीय एजेंसियां पूछताछ के लिए बुला रही हैं या जेल भेज रही हैं, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। इसी के जवाब में विजयन ने कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


