मुख्यमंत्री मोहन यादव

बैतूल पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव : हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर व्यक्त की संवेदना

देश/प्रदेश प्रादेशिक बैतूल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, बैतूल। मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव विशेष विमान से बैतूल पहुंचे और सीधे गंज इलाके में स्थित खंडेलवाल निवास जाकर परिजनों से भेंट की। उन्होंने विधायक हेमंत खंडेलवाल, उनकी पत्नी रितु खंडेलवाल और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर अपनी सहानुभूति प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सुरभि के असमय चले जाने पर अपनी शोक संवेदनाएं देने आए हैं। उन्होंने परिवार की सराहना करते हुए कहा कि खंडेलवाल जी ने सुरभि की बहुत देखभाल की। वह बचपन से ही शारीरिक कष्टों से जूझ रही थीं, लेकिन परिवार के किसी सदस्य का जाना हमेशा गहरा दुख देता है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को यह भारी दुख सहने का साहस प्रदान करें। मुख्यमंत्री के अलावा उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे और खंडेलवाल निवास जाकर शोक जताया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े होना बेहद आवश्यक है। प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर ने भी शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सुरभि को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ये भी पढ़े : अमेरिका ने एच-1बी वीजा नियमों में किया बड़ा बदलाव : अब लॉटरी के बजाय सैलरी के आधार पर होगा चुनाव

सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से ही बैतूल में गमगीन माहौल बना हुआ है। बुधवार को उनके अंतिम संस्कार के बाद से ही राज्यभर के बड़े नेता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक लगातार उनके घर पहुंच रहे हैं। शनिवार को भी दिनभर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। ज्ञात हो कि सुरभि बचपन से ही विशेष बच्चा (स्पेशल चाइल्ड) थीं और कई शारीरिक व मानसिक चुनौतियों का सामना कर रही थीं। बुधवार की सुबह नियमित कसरत के बाद उन्होंने सामान्य रूप से बातचीत भी की थी, लेकिन अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका देहांत हो गया। इस खबर ने पूरे जिले के सामाजिक और राजनीतिक गलियारों को स्तब्ध कर दिया। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और हेलीपैड के पुख्ता इंतजाम किए थे। शहर में यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी गई। यह दौरा न केवल व्यक्तिगत संवेदनाओं को दर्शाता है, बल्कि परिवार के प्रति शासन की एकजुटता का भी प्रतीक है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply