विमान सेवाओं

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण विमान सेवाओं पर संकट : 47 उड़ानें रद्द, यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश जारी

अंतर्राष्ट्रीय अमेरिका इजराइल ईरान देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। अमेरिका और इजराइल की ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई से उत्पन्न हुए पश्चिम एशिया संकट का सीधा असर विमान सेवाओं पर पड़ा है। सोमवार को भी बड़ी संख्या में प्रभावित क्षेत्रों से आने-जाने वाली उड़ानें रद्द रहीं। देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने सोमवार को अपनी 162 उड़ानें रद्द रखीं और मंगलवार के लिए भी 47 उड़ानों को रद्द करने का एलान किया है।

विमान कंपनियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि वर्तमान हालातों को देखते हुए पश्चिम एशिया के प्रभावित हिस्सों से गुजरने वाली चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का स्थगन बढ़ा दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अब 7 मार्च तक की यात्रा के टिकटों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के रद्द कराने या उनकी तारीख बदलने की छूट दी जा रही है। यह सुविधा उन टिकटों पर मिलेगी जो 28 फरवरी से पहले बुक किए गए थे। एयर इंडिया ने भी घोषणा की है कि 28 फरवरी या उससे पहले बुक किए गए टिकटों पर 5 मार्च तक की यात्रा के लिए रद्द करने या बदलाव करने पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। कंपनी ने संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, इजराइल और कतर जाने और वहां से आने वाली अपनी सभी उड़ानें सोमवार रात 11:59 बजे तक के लिए रद्द कर दी हैं।

ये भी पढ़े : मध्य प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों की जनसुनवाई का नया समय-पत्रक जारी: मार्च में सत्रह दिन सुनी जाएंगी जनता की समस्याएं

हालांकि, उत्तरी अमेरिका और यूरोप जाने वाली उसकी केवल छह उड़ानें ही प्रभावित हुई हैं। दिल्ली हवाई अड्डे पर भी इस संकट का भारी असर देखा गया, जहां सोमवार दोपहर तक जाने वाली 37 और आने वाली 50 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें हवाई क्षेत्र के प्रतिबंधों के कारण रद्द रहीं। स्पाइसजेट ने भी सोमवार को अपनी 17 उड़ानें रद्द कीं और मंगलवार के लिए भी दो उड़ानें रद्द करने की सूचना दी है। इसी तरह अकासा एयर ने 3 मार्च तक अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद की अपनी सभी सेवाएं बंद कर दी हैं और यात्रियों को 7 मार्च तक की यात्रा के लिए पूरा पैसा वापस देने या तारीख बदलने का विकल्प दिया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी बहरीन, कुवैत, ओमान और कतर सहित अन्य खाड़ी देशों की अपनी सभी उड़ानें सोमवार आधी रात तक के लिए रद्द कर दी हैं और यात्रियों को राहत प्रदान करने के लिए शुल्कों में छूट दी है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply