मध्‍यप्रदेश के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में दो बाघों की करंट लगने से मौत ; मचा हड़कंप

मध्‍यप्रदेश के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में दो बाघों की करंट लगने से मौत ; मचा हड़कंप

जबलपुर देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश शहडोल

एजेंसी, जबलपुर। मध्‍यप्रदेश में शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत मसिरा सर्किल में बाघ और बाघिन के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। दोनों शव महज 200 मीटर की दूरी पर पाए गए हैं, जिससे पूरे मामले को बेहद गंभीर माना जा रहा है। प्रारंभिक आशंका करंट लगने से मौत की जताई जा रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग ने इलाके की घेराबंदी कर डॉग स्क्वाड और विशेष टीमों के साथ जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेतों में लगी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए अवैध रूप से करंट फैलाया गया था। इसी करंट की चपेट में आकर बाघ और बाघिन की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। मसिरा सर्किल के आरएफ 382 क्षेत्र के पास दोनों के शव संदिग्ध अवस्था में मिले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में कहा-सरकारी अस्पतालों में बनेंगे गर्भ संस्कार कक्ष, अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था भी करेंगे

रात में मिला बाघ का शव, सुबह बाघिन भी पाई गई मृत
बताया जा रहा है कि रविवार रात सबसे पहले एक बाघ का शव मिलने की सूचना वन विभाग को मिली थी। टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। इसी दौरान सोमवार तड़के उसी इलाके के आसपास एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ, जिसके बाद मामला और ज्यादा गंभीर हो गया। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में मिले हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, जांच तेज
सूत्रों के मुताबिक, दोनों बाघों की मौत करंट लगने से हुई है, हालांकि वन विभाग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीएम रिपोर्ट से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फील्ड स्टाफ और विशेषज्ञ टीमें पूरे क्षेत्र में सघन सर्चिंग कर रही हैं, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि मामला प्राकृतिक है या किसी अवैध गतिविधि से जुड़ा हुआ। इस घटना से वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता देखी जा रही है। वन विभाग ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी कर जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply