शिवराज के घर आई 'लाडली लक्ष्मी'... बड़ी बहू अमानत ने दिया बेटी को जन्म, दादा ने पोती के कान में बोला गायत्री मंत्र

शिवराज के घर आई ‘लाडली लक्ष्मी’… बड़ी बहू अमानत ने दिया बेटी को जन्म, दादा ने पोती के कान में बोला गायत्री मंत्र

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय पिता बन गए हैं। बुधवार को राजधानी नई दिल्ली के एक अस्पताल में बहू अमानत ने एक बेटी को जन्म दिया। शिवराज सिंह चौहान ने इस मौके पर एक भावुक वीडियो शेयर किया। शिवराज ने ‘एक्स’ लिखा, ”हमारे घर आज लाडली लक्ष्मी आई है। कार्तिकेय पिता बन गए और अमानत मां. कोकिला अब दादी जी हैं और मैं दादा. कुणाल और ऋद्धि चाचा और चाची। अनुपम जी नाना, रुचिता जी नानी और आर्यन मामा। 2025 में हमारे घर दो बेटियां आईं अमानत और ऋद्धि। 2026 में फिर बेटी इला का शुभ आगमन हुआ। स्वागतम लक्ष्मी।”

बता दें कि 6 मार्च 2025 को जोधपुर में कार्तिकेय और अमानत बंसल ने सात फेरे लिए थे। कार्तिकेय की होने वाली पत्नी अमानत बंसल बिजनेसमैन अनुपम बंसल की बेटी हैं। राजस्थान के रहने वाले अमानत बंसल के पिता अनुपम बंसल फेमस शूज कंपनी लिबर्टी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और मां रुचिता बंसल कन्फेडरेशन ऑफ विमन एंटरप्रेन्योर्स ऑफ इंडिया के हरियाणा चैप्टर की फाउंडर हैं। अमानत ने लंदन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी में एम.एससी की पढ़ाई की है. बात करें कार्तिकेय की तो वह पिता की तरह ही राजनीति में सक्रिय हैं। बताया जाता है कि शिवराज सिंह के राजनीतिक उत्तराधिकारी भी हैं। वह अपने पिता के लिए 2013 से चुनाव प्रचार करते आ रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान के परिवार में पत्नी साधना सिंह और 2 बेटे हैं। बड़े बेटे का नाम कार्तिकेय और छोटे बेटे का नाम कुणाल है।

कुणाल राजनीति से दूर रहते हैं और विदिशा में मेसर्स सुंदर फूड्स एंड डेयरी का कामकाज देखते हैं। पिछले साल ही कुणाल सिंह चौहान का भी विवाह हुआ था। कुणाल का विवाह भोपाल के रहने वाले डॉक्टर इंद्रमल जैन की पोती रिद्धि जैन से हुआ है। रिद्धि के पिता का नाम संदीप जैन है। शिवराज सिंह चौहान 4 बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ‘मामा’ के नाम से मशहूर 65 वर्षीय नेता मोदी सरकार में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री हैं। शिवराज सिंह 2005 से 2018 तक और फिर 2020 से 2023 तक मध्यप्रदेश के सबसे लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा, वे 5 बार संसद सदस्य रहने के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, संसदीय बोर्ड और बीजेपी के केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। इस बार के विधानसभा चुनावों में पार्टी ने उनके नेतृत्व में जीत दर्ज की थी।

यह भी पढ़ें : सहारनपुर : 5 लाशों के बीच 3 पिस्टल, पूरे परिवार के माथे में लगी गोली…हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply