भारत-बांग्लादेश तनाव के बीच मुस्तफिजुर का आईपीएल खेलना पक्का , बीसीसीआई ने साफ किया स्टैंड

भारत-बांग्लादेश तनाव के बीच मुस्तफिजुर का आईपीएल खेलना पक्का , बीसीसीआई ने साफ किया स्टैंड

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेल देश/प्रदेश नई दिल्ली बांग्‍लादेश राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। भारत-बांग्लादेश के बीच बढ़ते राजनयिक तनाव के बावजूद बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान का आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए खेलना लगभग तय है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पष्ट कर दिया है कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा और बोर्ड सरकार के निर्देशों का इंतजार कर रहा है।

आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में मुस्ताफिजुर एकमात्र बांग्लादेशी खिलाड़ी थे जिन्हें खरीदा गया। केकेआर ने उन्हें 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में अपनी टीम में शामिल किया, जिससे वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे बांग्लादेशी खिलाड़ी बन गए। नीलामी के बाद केकेआर को सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग और आलोचना का सामना करना पड़ा। कई फैंस और राजनीतिक नेताओं ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमलों का हवाला देते हुए बांग्लादेशी खिलाड़ियों को आईपीएल से बाहर करने की मांग की। कुछ संगठनों ने तो मैदान में घुसकर मैच बाधित करने की धमकी तक दे डाली। बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “मौजूदा स्थिति नाजुक है, लेकिन हम लगातार सरकार से संपर्क में हैं। अभी तक कोई ऐसा निर्देश नहीं आया है जिससे बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर बैन लगे। मुस्ताफिजुर आईपीएल खेलेंगे। बांग्लादेश कोई दुश्मन देश नहीं है।”

वीजा और एनओसी की स्थिति
– मुस्ताफिजुर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत आएंगे, जहां बांग्लादेश के ग्रुप मैच कोलकाता और मुंबई में हैं। उनका वीजा आईपीएल तक एक्सटेंड किया जा सकता है, इसलिए वीजा कोई बड़ी बाधा नहीं बनेगा।
– अप्रैल में बांग्लादेश की न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे और टी20 सीरीज है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) से मिली जानकारी के मुताबिक मुस्ताफिजुर को पूर्ण या आंशिक एनओसी मिल सकता है, जिससे वह आईपीएल के ज्यादातर मैच खेल सकेंगे।

अभी बीसीबी से एनओसी न देने का कोई संकेत नहीं मिला है। पिछले साल बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद दोनों देशों के बीच वीजा सेवाएं प्रभावित हुई थीं, लेकिन बीसीसीआई का मानना है कि खिलाड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था हो सकती है। केकेआर के लिए मुस्ताफिजुर की कटर और स्लोअर गेंदें जरूरी ओवरों में बड़ा हथियार साबित हो सकती हैं। हालांकि विवादों के बीच उनकी भागीदारी पर सभी की नजरें टिकी हैं। अगर स्थिति नहीं सुधरी तो अंतिम समय में बदलाव संभव है, लेकिन फिलहाल ‘द फिज’ केकेआर की जर्सी में एक्शन में नजर आएंगे।

ये भी पढ़े : सरकार ने बढ़ाई तंबाकू-पान मसाला पर एक्साइज ड्यूटी , 1 फरवरी से लागू

Leave a Reply