एजेंसी, नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ। झारखंड के 7 जिलों में आज कोल्ड वेव का यलो अलर्ट है। रविवार को रांची के कांके का तापमान 2.5डिग्री दर्ज किया गया। वहीं मध्य प्रदेश के मंदसौर में भी तापमान 2.5डिग्री दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में तेज सर्दी के असर के चलते राज्य सरकार ने कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों की 1 जनवरी तक की छुट्टी की है। 18 जिलों में सुबह के वक्त विजिबिलिटी जीरो रही। राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई है। इसकी वजह से कुल 128 फ्लाइट्स कैंसिल हो गई हैं, वहीं 8 फ्लाइट्स को डाइवर्ट किया गया है। खराब विजिबिलिटी के चलते अहमदाबाद में भी 8 फ्लाट्स कैंसिल हो गई। राजस्थान के भी कई शहरों में तापमान सिंगल डिजिट में रहा। उधर, उत्तराखंड में ऊपरी इलाकों में मौसम विभाग ने बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। इसके कारण जम्मू-कश्मीर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश के तापमान में 2 जनवरी तक गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, मौसम विभाग ने कश्मीर में मंगलवार को बर्फबारी की संभावना जताई है। डीजीसीए ने भी 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक कोहरे का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली में स्मॉग की चादर सुबह से छाई रही। कई इलाकों में एक्यूआई 400 से ऊपर दर्ज किया गया।
ये भी पढ़े : सीहोर : बाइक पर लदे डेटोनेटर फटे, युवक के उड़े चीथड़े, 70 फीट तक बिखरे पुर्जे


