एजेंसी, मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम चुनाव के लिए अपनी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) गुट के बीच गठबंधन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के लिए ‘घड़ी’ और ‘तुतारी’ एकसाथ आ गए हैं।
अजित पवार पिंपरी-चिंचवाड़ में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची तय करते समय दोनों गुटों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इससे एक बार फिर परिवार एकजुट हो गया है। अजित पवार ने कहा- गठबंधन को लेकर लोगों के मन में सवाल हो सकते हैं, लेकिन महाराष्ट्र के विकास के हित के लिए कई बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं। अजित पवार ने कहा- दोनों पक्षों के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा हो चुकी है और इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। जुलाई 2023 में शरद पवार के भतीजे अजित पवार एनसीपी के कई विधायकों के साथ पार्टी से अलग हो गए थे। इससे एनसीपी दो हिस्सों में बंट गई। शरद पवार से अलग होकर अजित महाराष्ट्र की भाजपा-शिंदे सरकार में शामिल हुए और डिप्टी सीएम बने थे।
पवार ने कार्यकर्ताओं से बयानबाजी से बचने की अपील की
अजित पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रचार में पूरी मेहनत करने और रैलियों के दौरान किसी भी तरह के विवादित बयान देने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी एनसीपी विकास के लिए काम करती है और पार्टी उन लोगों को बाहर करेगी, जिन्होंने नगर निगम को कर्ज में डालने की कोशिश की। शरद और अजित के एनसीपी गुट पुणे नगर निगम चुनाव में भी साथ लड़ेंगे। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अंकुश काकड़े ने गठबंधन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे पर अभी चर्चा नहीं हुई है और कांग्रेस-शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के साथ बातचीत के बाद चारों दल मिलकर फैसला करेंगे।
भाजपा 128, शिवसेना 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी
इस बीच, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने बताया कि महायुति में 207 सीटों पर सहमति बन गई है। इनमें भाजपा 128 और शिवसेना 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी 20 सीटों पर फैसला उम्मीदवारों के आधार पर होगा। महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की 29 नगर निगमों के चुनाव की घोषणा की है, जिनमें मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम शामिल हैं। यहां मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना 16 जनवरी को होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर है।
ये भी पढ़े : आयुष्मान योजना में फर्जीवाड़ा : मरीजों को आईसीयू में भर्ती दिखाकर सरकार से लिए रुपये


