हिमाचल के बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत, पर्यटक घायल

हिमाचल के बीड़-बिलिंग में पैराग्लाइडर दुर्घटनाग्रस्त, पायलट की मौत, पर्यटक घायल

देश/प्रदेश राष्ट्रीय हिमाचल प्रदेश

एजेंसी, बीड़-बिलिंग। विश्व प्रसिद्ध बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग साइट पर एक दर्दनाक हादसे में एक पैराग्लाइडर पायलट की मौत हो गई, जबकि उनके साथ उड़ान भर रहा पर्यटक घायल हो गया। हादसा शुक्रवार को हुआ। हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा मानकों और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बीड़-बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा के अनुसार, पायलट मोहन सिंह टेक-ऑफ प्वाइंट बिलिंग से एक पर्यटक को टैंडम उड़ान पर लेकर उड़े थे। उड़ान के कुछ ही देर बाद पैराग्लाइडर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और ग्लाइडर टेक-ऑफ साइट के नीचे सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पर्यटक को भी चोटें आईं, हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक पायलट की पहचान मंडी जिले के बरोट निवासी मोहन सिंह के रूप में हुई है, जो अनुभवी पायलट माने जाते थे और लंबे समय से क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग गतिविधियों से जुड़े थे। स्थानीय लोगों, अन्य पायलटों और बचाव दल ने तुरंत दोनों घायलों को बैजनाथ के सिविल अस्पताल पहुंचाया। मोहन सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस बैजनाथ में ट्रैफिक जाम में फंस गई, जिससे करीब एक घंटे की देरी हो गई। इलाज के लिए ले जाते समय ही मोहन सिंह ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बैजनाथ–पालमपुर सड़क पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। घटना की पुष्टि करते हुए एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि प्रशासन को टेक-ऑफ के तुरंत बाद हादसे की सूचना मिली थी और पर्यटक सुरक्षित है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों—तकनीकी खराबी, मानवीय भूल या मौसम—की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े : इंदौर-भोपाल में नये साल की शुरुआत में कड़ाके की सर्दी

Leave a Reply