भाजपा ने त्रिपुरा की 2, उत्तराखंड की 1 सीट जीती, झारखंड में झामुमो, बंगाल में टीएमसी और केरल में कांग्रेस विजयी, उत्तर प्रदेश में सपा की जीत

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

लखनऊ/रांची/अगरतला/कोलकाता| उत्तर प्रदेश की घोसी, उत्तराखंड की बागेश्वर, बंगाल की धुपगुड़ी, झारखंड की डुमरी, केरल की पुथुप्पली और त्रिपुरा की धनपुर और बॉक्सानगर सीट पर 5 सितंबर को उपचुनाव हुए थे। देश की 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों में से छह के नतीजे आ गए हैं। इनमें त्रिपुरा की दो और उत्तराखंड की एक सीट पर बीजेपी जीत गई है। केरल की पुथुप्पली सीट कांग्रेस के खाते में गई। वहीं बंगाल की एक सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। झारखंड में इंडिया अलायंस की ओर से झामुमो ने जीत दर्ज की है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के सुधारक सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार दारा सिंह को 42672 हजार वोटों से हराया है। इन सात सीटों पर 5 सितंबर को उपचुनाव हुए थे। इनमें से 5 सीट- घोसी (यूपी), बागेश्वर (उत्तराखंड), डुमरी (झारखंड), बॉक्सानगर और धनपुर (त्रिपुरा) पर इंडिया गठबंधन की पार्टियों ने एक साथ चुनाव लड़ा। धुपगुड़ी (बंगाल) और पुथुपल्ली (केरल) सीट पर विपक्षी पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में थीं।

राज्यवार सीटों की स्थिति…

राज्य विधानसभा सीट जीत हार
उत्तर प्रदेश घोसी SP BJP
पश्चिम बंगाल धुपगुड़ी TMC BJP
केरल पुथुपल्ली कांग्रेस CPI (M)
झारखंड डुमरी JMM AJSU
उत्तराखंड बागेश्वर BJP कांग्रेस
त्रिपुरा बॉक्सानगर BJP CPI (M)
धनपुर BJP CPI (M)

उत्तर प्रदेश की घोसी सीट: यहां इंडिया गठबंधन की ओर से समाजवादी पार्टी के सुधाकर सिंह ने जीत दर्ज की है। सुधाकर ने बीजेपी के दारा सिंह को 42672 वोटों से हराया है। जीत को लेकर सपा नेता शिवपाल यादव ने ट्वीट किया है कि समाजवादी पार्टी जिंदाबाद, अखिलेश यादव जिंदाबाद। जुलाई में दारा सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी जॉइन किया था। इसके बाद से घोसी सीट खाली थी।

झारखंड की डुमरी सीट: डुमरी सीट पर इंडिया गठबंधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा की बेबी देवी जीत गई हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन आंकड़े के अनुसार उन्होंने एनडीए की तरफ से आजसू प्रत्याशी यशोदा देवी को 13000 हजार वोटों से हराया है। करीब दो दशक तक इस विधासनभा सीट पर जगरनाथ महतो का वर्चस्व रहा है। जगरनाथ महतो के निधन के बाद झामुमो ने उनकी पत्नी बेबी देवी को मैदान में उतारा था। जीत के बाद बेबी देवी ने कहा यह जनता की जीत है। मैं उनके सारे अधूरे काम को पूरा करूंगी।

    उत्तराखंड की बागेश्वर सीट: उत्तराखंड की बागेश्वर सीट से बीजेपी की पार्वती दास ने जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के बसंत कुमार को हराया है। बीजेपी ने विधायक चंदन राम दास के निधन के बाद उनकी पत्नी पार्वती दास को इस सीट पर उम्मीदवार बनाया था। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बागेश्वर उपचुनाव में जीत के बाद पार्वती दास को शुभकामनाएं दीं। सीएम ने ट्विटर पर लिखा- राष्ट्रवाद, लोककल्याण एवं सुशासन को समर्पित यह ऐतिहासिक जीत बागेश्वर के चहुंमुखी विकास का नया अध्याय लिखेगी।

    त्रिपुरा की बॉक्सानगर और धनपुर सीट: त्रिपुरा की दोनों विधानसभा सीटों पर बीजेपी ने जीत गई है। धनपुर से बीजेपी प्रत्याशी बिंदु देबनाथ ने सीपीआई (एम) प्रत्याशी कौशिक चंदा को 18 हजार 871 वोटों से हरा दिया है। बॉक्सानगर सीट से
    भाजपा के तफज्जल हुसैन ने सीपीआई (एम) के मिजान हुसैन को 30 हजार 237 वोटों से हराया है। बॉक्सानगर में सीपीआई (एम) विधायक समसुल हक के निधन के कारण यहां उपचुनाव हुए थे। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतिमा भौमिक के विधायक पद से इस्तीफे के बाद से धनपुर सीट खाली हो गई थी।

    केरल की पुथुप्पली सीट : कांग्रेस के चांडी ऑमान ने 37 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से सीपीआई (एम) के जैक सी थॉमस को पुथुपल्ली सीट से हरा दिया है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ओमान चांडी के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। कांग्रेस ने इस सीट पर ओमान चांडी के बेटे चांडी ऑमान को मैदान में उतारा था। बीजेपी की तरफ से सीनियर नेता लिजिन लाल चुनावी मैदान में थे।

    पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी सीट: बंगाल के धुपगुड़ी सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्विटर पर इसकी जानकारी दी। टीएमसी कैंडिडेट निर्मल चंद्र रॉय और बीजेपी की तापसी रॉय के बीच काउटिंग शुरू होने से खत्म होने तक कांटे की टक्कर देखने को मिली। टीएमसी ने करीब चार हजार वोटों से बीजेपी को मात दी है। इस सीट पर इंडिया अलायंस के सदस्य कांग्रेस और टीएमसी एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव में उतरे थे। कांग्रेस ने सीपीआई (एम) के उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय को समर्थन दिया था।

    इंडिया की कोऑर्डिनेशन कमेटी में 13 नहीं 14 मेंबर होंगे:माकपा मेंबर का नाम जुड़ेगा

    विपक्षी दलों के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल अलायंस की तीसरी बैठक मुंबई में हुई। मीटिंग के दूसरे दिन 1 सितंबर को गठबंधन ने 13 मेंबर की कोऑर्डिनेशन कमेटी का ऐलान किया। बाद में कहा गया कि कमेटी में सीपीआई (एम) के मेंबर का नाम भी जोड़ा जाएगा। इसके बाद इस कमेटी में 14 मेंबर हो जाएंगे। अगली मीटिंग (चौथी) दिल्ली में होगी।

    Leave a Reply