एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली से मुंबई जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट को 40 मिनट में ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। रिपोर्ट्स के मुताबिक बोइंग 777-300ईआर एआई887 फ्लाइट का दाहिना इंजन टेक-ऑफ के बाद बंद हो गया। उसमें ऑइल प्रेशर जीरो हो गया था। इसके चलते उसे दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा।
प्लेन ने सुबह 6:10 बजे एआई887 के रूप में मुंबई के लिए उड़ान भरी थी और 6.52 पर यह वापस आ गया। हालांकि 2 इंजन वाले प्लेन एक इंजन के जरिए भी सुरक्षित लैंड कर सकते हैं। इसलिए इसे तुरंत ही लौटाने का फैसला लिया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटराडार24.कॉम के मुताबिक टेक-ऑफ के बाद लगभग एक घंटे तक हवा में थी। विमान में लगभग 335 लोग सवार थे। इन सभी को दूसरे विमान से भेजे जाने की व्यवस्था की गई है।
सिविल एविएशन मंत्रालय ने एअर इंडिया से मांगी रिपोर्ट
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एअर इंडिया की फ्लाइट एआई-887 की घटना पर एक्शन लिया है, जिसमें टेक-ऑफ के तुरंत बाद तकनीकी खराबी आई थी। मंत्रालय ने एअर इंडिया से एक डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी है। साथ ही डीजीसीए को पूरी जांच करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय ने एयरलाइन को यात्रियों को हर संभव मदद देने और उन्हें अगली फ्लाइट्स में एडजस्ट करने का निर्देश भी दिया है।
हिस्ट्री में भी नहीं मिली कोई असामान्य बात
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने डीजीसीए से जुड़े सोर्स के आधार पर बताया है कि विमान ने हवा में ही यू-टर्न लिया क्योंकि टेक-ऑफ के बाद फ्लैप रिट्रैक्शन के दौरान फ्लाइट के क्रू ने दाहिने इंजन में ऑयल प्रेशर कम देखा। सूत्र ने यह भी बताया कि पिछले रिकॉर्ड का रीव्यू भी किया गया, लेकिन इसमें तेल की खपत में कोई असामान्य बात सामने नहीं आई है।
ऑइल प्रेशर जीरो होना खतरनाक, लेकिन बचाव संभव
प्लेन के इंजन में ऑइल प्रेशर जीरो होना तकनीकी रूप से बेहद गंभीर स्थिति मानी जाती है, लेकिन इसका मतलब हमेशा तुरंत क्रैश नहीं होता। ऑइल का दबाव खत्म होने पर इंजन के मूविंग पार्ट्स तक लुब्रिकेशन नहीं पहुंच पाता। यह बहुत गंभीर स्थिति होती है, लेकिन कंट्रोल में रहती है। ऑइल प्रेशर जीरो होने पर भी उड़ान जारी रखी जाती है तो इंजन कुछ ही मिनटों में ओवरहीट हो सकता है। अगर ज्यादा देर तक चलाया जाता है तो इंजन फेल हो सकता है। लेकिन आजकल प्लेन एक इंजन पर भी सुरक्षित लैंड कर सकता है। ऐसी कंडीशन में पायलट इंजन पावर कम कर देते हैं या बंद कर देते हैं और नजदीकी एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर लेते हैं।
ये भी पढ़े : मध्य प्रदेश का नया क्षितिज : विकास, विरासत और जनकल्याण का संगम


