मुख्यमंत्री शिवराज सिंह बोले- जिन घरों में ट्रैक्टर है, उनकी महिलाओं को देंगे एक-एक हजार रुपये

मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

भोपाल: राजगढ़ में मंगलवार को किसान कल्याण महाकुंभ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्रैक्‍टर वाले परिवारों की महिलाओं को एक-एक हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्‍होंने कहा कि जिन परिवारों में ट्रैक्टर है, मध्य प्रदेश के ऐसे परिवारों की महिलाओं को सरकार 1-1 हजार रुपए देगी। उन्‍होंने कहा कि जैसे-जैसे पैसे का इंतजाम होगा, वैसे-वैसे बढ़ाकर 1250 फिर 1500 रुपए..इसके बाद 1750, 2000, 2200 रुपए फिर 2500 रुपए करूंगा। इसको बढ़ाकर 3 हजार रुपए तक ले जाऊंगा।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यहां मोहनपुरा और कुण्डालिया सिंचाई परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया। इस मौके पर किसान कल्याण योजना के तहत सिंगल क्लिक से 70 लाख किसानों के खाते में 1400 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 49 हजार किसानों के खाते में 2900 करोड़ रुपए डाले गए। सीएम शिवराज ने कहा कि कमलनाथ के कर्ज माफी के वादे पर विश्वास करके किसानों ने ब्याज नहीं भरा। उस ब्याज की गठरी 2200 करोड़ हो गई। आज हम वह गठरी उतार रहे हैं।

राजगढ़ में शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री जी 6 हजार रुपए तो किसानों को दे ही रहे हैं, अब मामा भी 6 हजार रुपए देगा। छोटा किसान परिवार है तो श्रीमती जी के एक हजार और श्रीमान के एक हजार। साल के 24 हजार हो गए। दो बहू हो तो उनके भी 24 हजार हो जाएंगे। और बूढ़ी सास है तो उनकी पेंशन भी एक हजार रुपए कर रहे हैं। पैसा विश्वास बढ़ाता है। पैसा इज्जत बढ़ाता है। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने वादे किए लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया। हमारी पार्टी ने जो भी वादे किए, एक-एक को पूरा करती जा रही है। नेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण भारत की राजनीति में विश्वास का संकट पैदा हुआ है। लेकिन मैं मानता हूं कि हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने इस संकट को चुनौती के रूप में स्वीकार किया है।

Leave a Reply