एजेंसी, भोपाल। मध्यप्रदेश में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को हटा दिया गया है। प्रदेश की व्यवसायिक राजधानी इंदौर के यातायात पुलिस उपायुक्त को हटाया गया है। सीएम मोहन यादव ने इसका ऐलान किया। सोमवार को इंदौर में हुए ट्रक हादसे के बाद मंगलवार को पुलिस अधिकारियों पर इसकी गाज गिरी। सीएम ने कई पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इंदौर में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर दौड़ा। कई लोगों और वाहनों को कुचला जिससे 3 लोगों की मौत हो गई जबकि 12 घायल हुए। घटना के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव मंगलवार को इंदौर पहुंचे और अस्पताल जाकर हादसे में घायल हुए लोगों के हालचाल जाने। इसके बाद उन्होंने यातायात पुलिस उपायुक्त अरविन्द तिवारी, सहायक पुलिस आयुक्त सुरेश सिंह, ASI प्रेम सिंह, चन्द्रेश मरावी सूबेदार, दीपक यादव निरीक्षक और ड्यूटी पर तैनात सभी चार कॉन्स्टेबलों को निलंबित कर दिया।


