कांग्रेस सांसदों ने नेशनल हेराल्ड मामले पर संसद परिसर में किया प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांगा

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। कांग्रेस सांसदों ने ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पांच अन्य के खिलाफ दर्ज धन शोधन मामले में ईडी के आरोप पत्र पर संज्ञान लेने से अदालत के इनकार के बाद बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से माफी एवं इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस सांसदों ने संसद के मकर द्वार के निकट प्रदर्शन किया। उन्होंने एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर ‘सत्यमेव जयते’ लिखा हुआ था। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री माफी मांगो’ और ‘प्रधानमंत्री इस्तीफा दो’ के नारे लगाए। दिल्ली की एक अदालत ने ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी, सोनिया गांधी और पांच अन्य के खिलाफ दर्ज धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के आरोपपत्र पर संज्ञान लेने से मंगलवार को इनकार कर दिया। अदालत ने कहा इस मामले में दाखिल आरोप-पत्र एक निजी व्यक्ति की शिकायत पर की गई जांच पर आधारित है, न कि किसी मूल अपराध से संबंधित प्राथमिकी पर।

नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर बोले गौरव भाटिया, अदालत ने मामला रद्द नहीं किया, कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कांग्रेस पर नेशनल हेराल्ड मामले में निचली अदालत के फैसले को लेकर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया और कहा कि अदालत ने शिकायत का संज्ञान लेने से इनकार कर दिया लेकिन मामले को रद्द नहीं किया। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दावा किया कि यह मामला अब भी दिल्ली उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और निचली अदालत ने मंगलवार को अपने आदेश में कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अपनी जांच जारी रख सकता है। भाटिया ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘अदालत ने कल (मंगलवार) कहा कि चूंकि यह एक निजी शिकायत है और कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है इसलिए वह इसका संज्ञान नहीं लेगी। यह एक तकनीकी मामला है। अदालत ने यह भी कहा कि ईडी अपनी जांच आगे जारी रख सकती है। अदालत ने इसे रद्द नहीं किया है।’’ भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया, ‘‘इसका मुकदमा अब भी चल रहा है। सोनिया गांधी अब भी आरोपी नंबर-1 हैं और राहुल गांधी आरोपी नंबर-2 हैं। गांधी परिवार छल, कपट और दुष्प्रचार पर फलता-फूलता है।’’

ये भी पढ़ें : अनकैप्ड अशोक शर्मा आईपीएल ऑक्शन में बने 90 लाख में गुजरात टीम का हिस्सा

Leave a Reply