मणिपुर में हिंसा में 3 लोगों की मौत, BJP विधायक के घर पर बम से हमला

मणिपुर राष्ट्रीय राष्ट्रीय

इम्फाल| मणिपुर में 3 मई से जारी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। कुकी और मैतेई समुदाय के बीच हर रोज कहीं न कहीं घटनाएं घट जा रही हैं। शुक्रवार को राजधानी इंफाल से लगे खोकेन गांव में अलग-अलग वारदात में तीन लोगों की मौत हो गई। खोकेन कुकी बहुल गांव है। इधर, सुप्रीम कोर्ट ने राज्य में 3 मई से लगे इंटरनेट बैन पर फौरन सुनवाई से इनकार कर दिया। वहीं, गुरुवार की रात इंफाल में भाजपा विधायक सोराईसाम केबी के घर दो लोगों ने आईईडी बम से हमला कर दिया। तेज धमाकों के साथ जमीन में बड़ा गड्ढा हो गया। इंफाल वेस्‍ट के एसपी एस इबोमचा सिंगजमेई टीम के साथ घटनास्‍थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मणिपुर के पांच घाटी जिलों में फिलहाल 12 घंटे और पहाड़ी जिलों में 8 से 10 घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई है। छह अन्य पहाड़ी जिलों में कर्फ्यू नहीं है। एनएच-37 से जरूरी सामान की ट्रांसपोर्टिंग शुरू हो चुकी है। राज्‍य में तीन मई से इंटरनेट बैन पर सुप्रीम कोर्ट की वेकेशनल बेंच ने तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया। जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस राजेश बिंदल की बेंच ने कहा कि मामला पहले से हाईकोर्ट में है। इस पर सुनवाई होने दें। याचिका एडवोकेट चोंगथम विक्टर सिंह और बिजनेसमैन मायेंगबाम जेम्स ने दायर की थी।

आईईडी हमले के बाद विधायक एस केबी ने कहा कि यह बेहद अपमानजनक और परेशान करने वाला है कि राज्य में व्याप्त अशांति के बीच मेरे घर पर इस तरह का विस्फोट हुआ। उन्होंने कहा कि इस घटना के जिन लोगों का हाथ है, उनसे अपील है कि वे भविष्य में कहीं भी इस तरह की घटनाओं को न दोहराएं। विधायक ने आगे कहा कि हम सभी इंसान हैं और दोनों समुदायों के बीच जो भी मनमुटाव है उसे बम के बिना सुलझाया जा सकता है। मणिपुर में पिछले 10 दिनों में विधायक के घर पर यह दूसरा हमला है। इससे पहले 28 मई को कांग्रेस विधायक रंजीत सिंह के सेरो गांव स्थित घर पर हमला हुआ था। कुछ लोग सेरो गांव में आए और उन्होंने विधायक रंजीत के घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। विधायक और उनका परिवार बाल-बाल बच गया। हिंसक भीड़ ने करीब 100 घरों में आग लगाई गई थी।

मणिपुर के पहाड़ी और घाटी इलाके में सेना का सर्च ऑपरेशन जारी है। बुधवार को संयुक्‍त कॉम्बिंग ऑपरेशन में सेना के जवानों और पुलिस बल ने 29 हथियार बरामद किए। सेना की स्पीयर कोर विंग ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। बरामद हथियारों में ज्यादातर ऑटोमैटिक हथियार हैं। वहीं कुछ मोर्टार, हैंडग्रेनेड और जंगी सामान भी बरामद किया गया है। इससे पहले मंगलवार को मणिपुर सरकार के सिक्योरिटी एडवाइजर कुलदीप सिंह ने बताया था कि पिछले 24 घंटों के दौरान इंफाल ईस्ट के पोरोमपत और काकचिंग जिले के सुगनू से कुल 57 हथियार, 318 गोला बारूद और पांच बम बरामद किए गए हैं।

Leave a Reply