नई दिल्ली| मौसम विभाग के अनुसार, देश के पूर्वी हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक गर्मी बढ़ेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लू चलेगी। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश का तापमान अगले पांच दिन तक सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा रहने की आशंका है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 36 घंटों में बिपरजॉय चक्रवात और तेज हो सकता है। इसके असर से मुंबई, गोवा, कर्नाटक, उत्तरी केरल के तटीय इलाकों में आंधी-तूफान आने और तेज बारिश के आसार हैं। 11 जून तक उत्तर से उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा। मुंबई में मानसून आने से पहले मछुआरों ने अपनी नावें समुद्र किनारे बांध दी हैं। बरसात की वजह से अगले दो महीने तक नाविक समुद्र से दूर रहना बेहतर समझते हैं। मौसम विभाग ने तटीय इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और गोवा में रिमझिम बारिश जारी है। केरल पहुंचा मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। शनिवार तक इसके कर्नाटक और तमिलनाडु में पहुंचने की संभावना है। वहीं, दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मानसूनी बारिश शुरू हो गई। अगले दो दिनों में पूरे तमिलनाडु और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में मानसून कवर कर लेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 जून तक मानसून महाराष्ट्र पहुंचेगा। इसके बाद पूर्वोत्तर के राज्यों को कवर करते हुए पश्चिम बंगाल से बिहार की तरफ बढ़ेगा। 15 जून तक गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और पूरे बिहार में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी।


