एजेंसी, छतरपुर। मध्यप्रदेश के छतरपुर में बुधवार को अचानक हलचल बढ़ गई जब आयकर विभाग की विशेष टीमों ने एक साथ कई लोकेशनों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कांग्रेस के पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया की कारोबारी इकाइयों पर यह कार्रवाई की गई। दोपहर में ग्वालियर से आई टीम ने पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी और उनके कारोबारी सहयोगी अजयपाल सिंह राव साहब से विस्तृत पूछताछ भी की। यह छापेमारी मध्यप्रदेश राजनीति, उद्योग जगत और स्थानीय बाजार में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है।
पूर्व विधायक की कंपनियों पर इनकम टैक्स का एक्शन
कांग्रेस नेता और जिले के प्रमुख उद्योगपति आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया की फर्मों पर आयकर विभाग ने अचानक जांच अभियान चलाया। ग्वालियर आयकर टीम ने सागर–कानपुर नेशनल हाईवे स्थित ढढारी गांव के पास खजुराहो मिनरल्स और रामनपुरा रोड स्थित गिट्टी उत्पादन यूनिट पर एक साथ दबिश दी। ग्वालियर से आई टीम दर्जनभर वाहनों के काफिले के साथ फैक्ट्रियों में पहुंची और प्रवेश करते ही दोनों प्रतिष्ठानों के मुख्य गेट बंद करा दिए ताकि न कर्मचारी बाहर निकल सकें, न कोई बाहरी व्यक्ति अंदर पहुंच सके। उद्योग जगत से जुड़े लोग इसे ‘बड़ी कर जांच’ और ‘मुख्य वित्तीय पड़ताल’ के रूप में देख रहे हैं।
आयकर विभाग दस्तावेज व लेन-देन की गहन जांच में जुटा
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी और बिजनेस पार्टनर अजयपाल सिंह राव साहब से लंबी पूछताछ की। फैक्ट्री स्टाफ को भी मौजूद रहकर जवाब देने पड़े। टीम वित्तीय रिकॉर्ड, टैक्स विवरण, उत्पादन आँकड़ों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है। जिले के बड़े उद्योगपतियों में शामिल आलोक चतुर्वेदी की कंपनियों पर हुई इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय स्तर पर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं और लोग इसे मध्यप्रदेश में हालिया समय की महत्वपूर्ण टैक्स रेड के रूप में देख रहे हैं। खबर तैयार किए जाने तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
ये भी पढ़े : एमपी में बड़ा सड़क हादसा : बीडीएस वाहन और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 4 पुलिस जवानों की मौके पर मौत 1 गंभीर


