पेंशन से लेकर टैक्स तक… 1 दिसंबर से लागू होंगे नए नियम, आम आदमी होगा प्रभावित

व्यापार

एजेंसी, नई दिल्ली। दिसंबर की शुरुआत आम लोगों के लिए कई बड़े बदलाव लेकर आ रही है। जिस तरह नए महीने में कीमतों, नियमों और सर्विसेज में बदलाव होता है, ठीक उसी तरह 1 दिसंबर 2024 से कई महत्वपूर्ण नियम लागू होने वाले हैं, जो सीधे आपकी जेब, बजट और बचत को प्रभावित करेंगे।

दिसंबर से बदलने वाले रूल
साल खत्म होने से ठीक पहले दिसंबर की शुरुआत आम लोगों के लिए बड़े बदलाव लेकर आ रही है। पेंशन, टैक्स, एलपीजी की कीमतों में अपडेट से लेकर हवाई सफर महंगा होने की आशंका तक, 1 दिसंबर से कई ऐसे नियम लागू होने जा रहे हैं जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। अगर आपने नवंबर के आखिरी दिनों तक जरूरी डॉक्यूमेंट जमा नहीं किए, तो आपकी पेंशन रुक सकती है, टैक्स नोटिस आ सकता है या यात्रा का खर्च बढ़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि इन नए नियमों को समय रहते समझकर अपनी प्लानिंग बना ली जाए, ताकि महीने की शुरुआत किसी परेशानी के साथ न हो।

1. यूपीएस में शिफ्ट होने का अंतिम मौका
सेंट्रल गवर्नमेंट कर्मचारियों के लिए यूनिफाइड पेंशन स्कीम में शामिल होने का 30 नवंबर आखिरी दिन है। एनपीएस से यूपीएस में शिफ्ट होने के इच्छुक कर्मचारियों को इसी तारीख तक सीआरए पोर्टल पर आवेदन जरूरी है। अगर समय निकल गया, तो कर्मचारियों को इस विंडो के दोबारा खुलने का इंतजार करना पड़ेगा।

2. टैक्स फाइलिंग में देरी पर लगेगा जुर्माना
टैक्सपेयर्स के लिए नवंबर का आखिरी सप्ताह बेहद महत्वपूर्ण है। टीडीएस दस्तावेज़ (धारा 194-आईए, 194-आईबी, 194एम और 194एस) की फाइलिंग की अंतिम तारीख 30 नवंबर है। जिन लोगों के लिए धारा 92ई के तहत ट्रांसफर प्राइसिंग रिपोर्ट जरूरी है, उन्हें भी इसी तारीख तक रिटर्न भरना होगा। इसके अलावा, भारत में काम कर रही विदेशी कंपनियों की इकाइयों को फॉर्म 3 सीईएए जमा करना अनिवार्य है। कोई भी देरी आपको भारी पेनल्टी और नोटिस में फंसा सकती है।

3. हवाई सफर हो सकता है महंगा
1 दिसंबर को एविएशन टरबाइन फ्यूल की कीमतों की समीक्षा होगी। अगर रेट बढ़ते हैं, तो दिसंबर भर फ्लाइट टिकट महंगे होने की पूरी संभावना है। इसकी मार घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों यात्रियों को झेलनी पड़ सकती है।

4. पेंशन धारकों के लिए बेहद जरूरी चेतावनी
पेंशन पाने वाले व्यक्ति अगर 30 नवंबर तक लाइफ सर्टिफिकेट जमा नहीं करते, तो अगले महीने से उनका पेंशन क्रेडिट रुक सकता है। यह प्रमाण पत्र बैंक, पोस्ट ऑफिस या डिजिटल माध्यम जैसे जीवन प्रमाण ऐप से आसानी से जमा किया जा सकता है।

5. एलपीजी की कीमतों में बड़ा बदलाव संभव
हर महीने की तरह इस बार भी 1 दिसंबर को एलपीजी सिलेंडर के दाम बदले जाएंगे। घरेलू एलपीजी के भाव बढ़े या घटे इसका सीधा असर घर के बजट पर पड़ता है। कमर्शियल सिलेंडर पहले ही सस्ता हो चुका है, ऐसे में घरेलू उपभोक्ताओं की निगाहें अब नए रेट पर टिकी हैं।

Leave a Reply