एजेंसी, आगरा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने गुरुवार को अपनी पत्नी के साथ आगरा पहुंचकर ताजमहल का दीदार किया और बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लगभग 1 घंटा इस विश्वप्रसिद्ध स्मारक में बिताया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रंप जूनियर अपराह्न करीब 3:30 बजे ताजमहल परिसर पहुंचे और भीतर मौजूद डायना बेंच सहित कई प्रमुख स्थानों पर तस्वीरें खिंचवाईं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर बताया कि ट्रंप जूनियर ने ताजमहल के इतिहास, निर्माण शैली और वास्तुकला में विशेष दिलचस्पी दिखाई तथा अपने गाइड से कई विस्तृत सवाल पूछे। गाइड नितिन सिंह पूरे समय ट्रंप जूनियर के साथ मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यही नितिन सिंह वह गाइड हैं जिन्होंने 2020 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के दौरान भी उन्हें यह धरोहर दिखायी थी। अमेरिकी राष्ट्रपति के बेटे की इस यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस बल के साथ अमेरिकी सुरक्षा एजेंट भी तैनात थे। ट्रंप जूनियर के प्रवेश करते ही सीआईएसएफ ने स्मारक की आंतरिक सुरक्षा का पूरा प्रबंधन संभाल लिया, जिससे परिसर में आम लोगों की आवाजाही में कोई बाधा न आए। अधिकारियों ने कहा कि उनके आगमन से पहले प्रशासन द्वारा विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया था, ताकि परिसर में कोई कमी न रहे। जानकारी के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर उदयपुर में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल डेस्टिनेशन वेडिंग में भी शिरकत कर सकते हैं।


