श्रीलंका : विदेशी महिला के सामने शख्स ने की गंदी बात, सामने आया वीडियो

अंतर्राष्ट्रीय श्रीलंका

एजेंसी, कोलंबो। श्रीलंका से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तिरुकोविल इलाके में एक विदेशी महिला पर्यटक के साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार किया गया है। महिला के साथ गंदी हरकत करने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना सामने आने के बाद श्रीलंका में टूरिज्म को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं खास कर उन महिलाओं के लिए जो सोलो ट्रैवलिंग करती हैं।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, महिला न्यूजीलैंड की पर्यटक थी, जो 24 सितंबर को श्रीलंका पहुंची थी। यह घटना 25 अक्टूबर को हुई, जिसके बाद महिला ने श्रीलंका पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपी मूंगफली बेचने का काम करता है। इसके बाद पुलिस की एक स्पेशल टीम ने आरोपी को 16 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया। शख्स की उम्र 25 साल है और एक बच्चे का पिता है। पुलिस ने बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी जगह बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, पकड़े जाने से पहले संदिग्ध ने अपना हुलिया बदलने के लिए अपना सिर मुंडवा लिया था।

सामने आया वीडियो
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें विदेशी महिला बताती है कि एक व्यक्ति उनके वाहन के सामने स्कूटर चला रहा था। वह बार-बार स्कूटर की रफ्तार कम कर रहा था। लेकिन, जैसे ही वह उसे ओवरटेक करके आगे बढ़ती, वह फिर स्पीड बढ़ाकर उनके आगे निकल जाता था। पहले तो वह मुस्कुरा कर रह गई लेकिन फिर नजरअंदाज करने लगी। बाद में लगा कि वह अब पीछे छूट गया है। ऐसे में उन्होंने ब्रेक लेने का सोचा और एक जगह रुककर कुछ पीने लगीं। तभी वह व्यक्ति फिर वहां पहुंच गया।

महिला ने क्या कहा?
महिला बताती है कि शख्स स्कूटर से उतरा और उनसे बात करने लगा। भाषा की वजह से बातचीत में थोड़ी दिक्कत हो रही थी, लेकिन वह काफी फ्रेंडली लग रहा था, इसलिए वो बात कर रही थी। तभी उसने ऐसी हरकत कर दी जिससे वो असहज हो गई। महिला ने कहा कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि ऐसा उसके साथ हुआ। श्रीलंका बेहद खूबसूरत जगह है और यहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं लेकिन इस घटना ने मुझे डरा दिया।

पुलिस ने क्या कहा?
श्रीलंका में विदेशी महिला के साथ हुई घटना को लेकर पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है। पर्यटकों को निशाना बनाकर किए जाने वाले अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने देश में महिलाओं और खासकर अकेले यात्रा करने वालों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। सोशल मीडिया पर भी लोगों की नाराजगी देखने को मिली है। कुछ ने कहा कि ऐसी बीमार मानसिकता वालों का इलाज होना चाहिए, तो कई लोगों ने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से टूरिज्म पर बुरा असर पड़ता है।

Leave a Reply