मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री अर्जुन सिंह की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी
स्व. श्री अर्जुन सिंह के बड़े बेटे अभिमन्यु सिंह और छोटे बेटे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने उपस्थित रहकर अपने पिता को स्मरण किया
प्रदेश ने अर्जुन सिंह को जयंती पर याद किया, पार्टी नेताओं और अनुयायियों की जुटी भीड़
अर्जुन सिंह एक विचारधारा थे- हरीश चौधरी
प्रदेश कांग्रेस में हुआ पुष्पांजलि कार्यक्रम
प्रतिमा पर पार्टी नेताओं और अनुयायियों ने बड़ी संख्या में पहुँच कर पुष्पांजलि अर्पित की
सतपुड़ावाणी, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार की सुबह मध्यप्रदेश विधानसभा भवन पहुंचकर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री अर्जुन सिंह की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, स्व. श्री अर्जुन सिंह के पुत्र एवं विधायक अजय सिंह राहुल, परिजन सहित जनप्रतिनिधि एवं विधानसभा के अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि स्व. श्री अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश के विकास और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने समूचे प्रदेश के विकास के लिए अनेक दूरदर्शी निर्णय लिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की राजनीति में स्व. श्री अर्जुन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे 1980 के दशक में सबसे प्रभावशाली व्यक्तित्वों में शामिल थे और तीन बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं पंजाब के राज्यपाल भी रहे। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में उनका देश के विकास में अहम योगदान रहा। वे सदैव गरीब कल्याण और पिछड़ा वर्ग के साथ खड़े दिखाई दिए।
स्व. श्री अर्जुन सिंह वंचित वर्ग के लिए लड़ाई लड़ने में हमेशा अग्रणी रहे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्व. श्री अर्जुन सिंह ने भारत सरकार द्वारा उज्जैन में सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान को स्थापित करने, वेद पढ़ने-पढ़ाने वालों के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के साथ मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में एक चेयर उज्जैन में स्थापित की थी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. श्री अर्जुन सिंह की 95वीं जयंती पर हम सब उनका पुण्य स्मरण कर रहे हैं। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. श्री अर्जुन सिंह जी के जन्म दिवस के अवसर पर विधानसभा द्वारा पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर माननीय विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, मंत्रीगण, पूर्व मुख्यमंत्री जी के परिवारजन, चुरहट के अनेक पदाधिकारी, विधायकगण एवं विधानसभा के अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहें ।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुनसिंह को आज उनके जन्मदिन पर आदरपूर्वक याद किया गया| आज सबेरे प्रदेश के प्रमुख कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, उनके अनुयायियों और गणमान्य नागरिको ने बोर्ड आफिस चौराहे स्थित उनकी प्रतिमा पर बड़ी संख्या में पहुँच कर पुष्पांजलि अर्पित की| इसके बाद शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अर्जुनसिंह को पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए सभा का आयोजन किया गया| दोनों कार्यक्रमों में उनके बड़े बेटे अभिमन्यु सिंह और छोटे बेटे पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने उपस्थित रहकर अपने पिता को स्मरण किया| इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि अर्जुन सिंह व्यक्ति नहीं थे बल्कि एक विचारधारा थे। ऐसी विचारधारा, जिसने सामाजिक न्याय, गरीब और समग्र विकास तथा संस्कृति के संदर्भ में अपना भरपूर योगदान इस देश को दिया, जिसे आज भी याद किया जाता है। मैं जब पंजाब का कांग्रेस प्रभारी था तो मैंने देखा कि जन जन उनको याद करता है क्योंकि वहां के राज्यपाल रहते हुए उन्होंने बिना सेना की मदद लिए पंजाब से आतंकवाद को समाप्त किया। इसका श्रेय अर्जुन सिंह को ही जाता है ।यह दुनिया में अपने आप में इकलौता उदाहरण है। कल जिस तरह न्यूयॉर्क में मेयर पद के चुनाव के बाद वहां के निर्वाचित मेयर ने अपने भाषण में नेहरू जी को याद किया ठीक उसी तरह अर्जुन सिंह जी को भी उनके समग्र योगदान के लिए याद किया जाता रहेगा।
नेहरू जी के बाद इस तरह का व्यक्तित्व अर्जुन सिंह में दिखता है। उनकी जयंती के अवसर पर आज हम सभी मिलकर यह प्रण लें कि अर्जुन सिंह जी की विचारधारा का अनुसरण करते हुए हम सभी मिलकर देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देंगे| सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को यह प्रण लेना है कि हम उनके बताये मार्ग पर चलते रहेंगे| आज हमारी पीढ़ी का यह कर्तव्य बनता है जिस विचारधारा को अर्जुनसिंह ने अपनाया उसे हम कैसे अमर करें| इस अवसर मुकेश नायक पूर्व मंत्री पी.सी.शर्मा पूर्व मंत्री, चंद्रिका द्विवेदी, दिलीप मिश्रा, सुखेन्द्र सिंह बना पूर्व विधायक, कल्पना वर्मा पूर्व विधायक, प्रहलाद टिपानिया, अभिनव बरोलिया, शिवप्रसाद प्रधान, जेपी धनोपिया, रवि सक्सेना, आनंद तारण, अवनीश बुंदेला, राजकुमार सिंह, गुड्डू चौहान, राजभान सिंह, धर्मेंद्र तिवारी, सज्जन सिंह तिवारी, पुष्पेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, केडी सिंह, संतोष पांडे, श्रीमती कमलेश सिंह, सुश्री मधु शर्मा, श्रीमती उर्मिला त्रिपाठी, श्रीमती प्रभा बागरी, सत्येंद्र कुशवाहा ,विवेक तोमर, राहुल राज, शहरयार खान, आजाद बहादुरसिंह, श्रीमती कुमुदिनी सिंह, श्रीमती गीता सिंह, रामनिवास उर्मलिया, पुष्पराज सिंह, राहुल देव सिंह, सुश्री रोशनी सिंह धुर्वे, विजय सिंह, राम शिरोमणि शाह, नीरज सिंह और आनंद सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे|


