वॉशिंगटन डीसी| अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को फिर भारत-पाकिस्तान की बीच जंग रुकवाने का दावा किया। उनके बोलने के लिए 15 मिनट तय थे, लेकिन उन्होंने 55 मिनट तक भाषण दिया। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र की सामान्य सभा को संबोधित करते हुए ट्रम्प ने कहा- दुनिया में जारी 7 जंग रुकवाने की जिम्मेदारी संयुक्त राष्ट्र की थी, लेकिन मैंने ये सभी जंग खत्म कराईं। ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों, अमेरिका के आर्थिक हालात, रूस-यूक्रेन जंग, इजराइल-हमास जंग, कार्बन फुट प्रिंट जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। ट्रम्प के भाषण की शुरुआत में टेलिप्रॉम्प्टर खराब हो गया। इस पर उन्होंने कहा कि इससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं है, इस तरह आप दिल से बात कर पाते हैं। अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार ट्रम्प ने यूएनजीए को संबोधित किया। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति रहते आखिरी बार 2020 में यूएन को संबोधित किया था।
7 साल पहले ट्रम्प पर हंसे थे वर्ल्ड लीडर्स
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड 25 सितंबर 2018 को ट्रम्प संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण दे रहे थे। उन्होंने दावा किया कि 2 साल से भी कम समय में उन्होंने बाकी सभी अमेरिकी राष्ट्रपतियों से ज्यादा काम किया है। ट्रम्प की बात सुनकर सभा में मौजूद दुनियाभर के नेता हंसने लगे। ट्रम्प ने न्यूजीलैंड की तत्कालीन पीएम जैसिंडा अर्डन को देखकर कहा- “मुझे ऐसे रिएक्शन की उम्मीद नहीं थी। कोई बात नहीं।” अब 7 साल बाद ट्रम्प ने अपने दूसरे कार्यकाल में पहली बार यूएन को संबोधित किया। लेकिन इस बार हालात पूरी तरह से बदले नजर आए।
टेलीप्रॉम्पटर खराब हुआ तो नाराज हुए ट्रम्प
भाषण शुरू होने से पहले ही उनका टेलीप्रॉम्प्टर खराब हो गया है। इस पर ट्रम्प ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा- टेलीप्रॉम्प्टर खराब है तो क्या, इससे दिल से बोलने का मौका मिलता है। लेकिन जो इसे चला रहा है, वो मुश्किल में है।


