एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। घटना के समय मुख्यमंत्री गुप्ता आम लोगों की शिकायतें सुन रहीं थीं। एक शख्स भी अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा और उसने सीएम रेखा गुप्ता पर हमला कर दिया। उसके इस हमले की वजह का फिलहाल पता नहीं चला है। पुलिस हमला वर शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को जनसुनवाई के समय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की निंदा की है। सचदेवा ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि सीएम रेखा गुप्ता बुधवार सुबह हमेशा की तरह सिविल लाइंस स्थित अपने दफ्तर में जनता से मिल रही थीं। इसी बीच अचानक एक शख्स उनके पास आया और उसने कुछ कागज दिए तथा उसी वक्त उनका हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की। इस दौरान थोड़ी धक्का-मुक्की भी हुई। उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद लोग और स्टाफ तुरंत हरकत में आए और उस शख्स को पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह कौन है और उसका इरादा क्या था। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष के अनुसार घटना के बाद मुख्यमंत्री की तुरंत डॉक्टरों से जांच कराई गयी। उनकी हालत स्थिर है। उन्हें सिर पर हल्की चोट लगी है।
उन्होंने कहा कि थप्पड़ मारने या पत्थरबाजी जैसी बातें पूरी तरह अफवाह हैं। सचदेवा ने कहा, “मैं खुद उनसे मिला हूं, वह एक मजबूत महिला हैं। थोड़ी तकलीफ जरूर है, लेकिन उनकी हिम्मत कम नहीं हुई है। राजनीति में इस तरह की घटनाएँ बेहद निंदनीय हैं। ऐसे हमले किसी भी लोकतांत्रिक परंपरा के खिलाफ हैं।” उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने साफ कह दिया है कि वह अपने कार्यक्रम रद्द नहीं करेंगी। अभी वह आराम कर रही हैं, लेकिन जल्द ही फिर से लोगों से मिलने और उनके कामकाज में जुट जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का सिलसिला जारी रहेगा और जनता की समस्याएं सुनने का यह मंच किसी भी हाल में बंद नहीं होगा। श्री मिश्रा ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री गुप्ता पर पर हमला अक्षम्य अपराध है। एक महिला एक बेटी जो रात दिन केवल दिल्ली की सेवा में लगी है उन पर हमला करने वाले और करवाने वाले कायर है और अपराधी दोनों है। ऐसे अपराधियों की हिम्मत नहीं कि वो तर्क और तथ्यों के आधार पर बात कर सकें। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा “दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की जगह होती है, लेकिन हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है।” उन्होंने कहा “उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस, दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। आशा है मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री पर हमला: आरोपी का आपराधिक इतिहास, गुजरात में पांच मामले दर्ज
नयी दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर कथित रूप से हमला करने वाले व्यक्ति का आपराधिक इतिहास रहा है और गुजरात पुलिस ने पहले ही उस पर चाकू से हमला करने सहित पांच मामलों में मुकदमा दर्ज किए हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गुजरात के राजकोट निवासी आरोपी सकारिया राजेशभाई खिमजीभाई (41) को घटना के तुरंत बाद हिरासत में ले लिया गया और उसके पिछले रिकॉर्ड की जांच की गई। एक सूत्र ने बताया, “हमें पता चला कि उसके खिलाफ पहले भी गुजरात के भक्तिनगर थाने में पांच अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।” इससे पहले उसपर जानबूझकर चोट पहुंचाने, खतरनाक हथियार या साधनों से चोट पहुंचाने और गंभीर चोट पहुंचाने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। सकारिया को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। दिल्ली पुलिस गुजरात पुलिस की मदद से उसके निजी विवरणों की पुष्टि कर रही है। उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बंठिया ने एक बयान में कहा, ” बीएनएस के तहत धारा 109 (हत्या का प्रयास), 132 (लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और 221 (लोक सेवक के सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आगे की जांच जारी है।” पुलिस के मुताबिक, आरोपी दो दिन पहले ही दिल्ली आया था और मुख्यमंत्री आवास के पास टोह लेते हुए सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गया था। उसे इलाके में फोन पर बात करते भी देखा गया था। आगे की जांच के लिए दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को शामिल किया गया है।
सूत्र ने बताया, “आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और हम कम से कम पांच दिन की रिमांड मांगने की योजना बना रहे हैं। वह ट्रेन से दिल्ली आया था और हमने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिसमें ‘जन सुनवाई’ के कुछ वीडियो हैं – एक शालीमार बाग स्थित मुख्यमंत्री के आवास का और दूसरा उनके कैंप कार्यालय का।” सीएम रेखा गुप्ता पर बुधवार को सुबह करीब सवा आठ बजे सिविल लाइंस स्थित उनके कार्यालय पर आयोजित ‘जन सुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस हमले को ‘‘मुख्यमंत्री की हत्या की सुनियोजित साजिश’’ का हिस्सा बताया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हमला गंभीर था और जानलेवा हो सकता था। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सकारिया के पास कोई हथियार नहीं था क्योंकि उसे मुख्यमंत्री कार्यालय में कड़ी जांच की जानकारी थी। उसके पास एक बैग था जिसमें कपड़े और कुछ कागज़ात थे। दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यह “कोई साधारण हमला नहीं” था। इस बीच, राजकोट में, आरोपी की मां भानुबेन सकारिया ने दावा किया कि उनका बेटा किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हुआ नहीं है और वह आवारा कुत्तों पर उच्चतम न्यायालय के आदेश का विरोध करने दिल्ली गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद गृह मंत्रालय (एमएचए) मुख्यमंत्री गुप्ता की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर सकता है। मुख्यमंत्री गुप्ता को दिल्ली पुलिस की ‘जेड’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।


