एजेंसी, सुरेंद्रनगर। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में रविवार को हाईवे पर एक कार और एसयूवी की टक्कर हो गई. इसमें कार सवार सात लोगों की जलकर मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुरेंद्रनगर–लखतर हाईवे पर वधावन थाना क्षेत्र में जमर गांव के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, लखतर से सुरेंद्रनगर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार और एसयूवी में आमने-सामने से भीषण टक्कर हो गई. टक्कर के बाद स्विफ्ट डिजायर कार में आग लग गई, जिसमें सवार छह महिलाएं, एक बच्चा और सामने की हैरियर कार का ड्राइवर सहित कुल 8 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद वीरमगाम–सुरेंद्रनगर हाईवे पर लंबा जाम लग गया. घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, 108 एम्बुलेंस, पुलिस और मामलतदार की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया.
जोरदार टक्कर के कारण एक कार सड़क किनारे जा गिरी और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई. कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और महिलाएं व बच्चों समेत 8 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के समय जोरदार धमाका हुआ. आवाज सुनते ही ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी गांधी अस्पताल पहुंचाया गया. वधावन थाने के पुलिस निरीक्षक पीबी जडेजा ने बताया, “जमर गांव के पास दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई इस घटना में कार सवार सात लोग जिंदा जल गए, जबकि एसयूवी में सवार तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए.”


