ईरान का इजराइल के मोसाद हेडक्वार्टर पर हमला : मिलिट्री इंटेलिजेंस की बिल्डिंग को भी निशाना बनाया, इजराइल ने ईरानी सेना के डिप्टी कमांडर को मारा

अंतर्राष्ट्रीय इजराइल ईरान नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, तेहरान/तेल अवीव| इजराइल और ईरान के बीच 5वें दिन भी संघर्ष जारी है। ईरान ने मंगलवार को तेल अवीव में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर पर हवाई हमला किया। इसके अलावा मिलिट्री इंटेलिजेंस से जुड़ी खुफिया एजेंसी की बिल्डिंग को भी निशाना बनाया है। इजराइली हवाई हमले में ईरान के डिप्टी कमांडर मेजर जनरल अली शादमानी की मौत हो गई है। शादमानी ईरान की खतम-अल-अनबिया हेडक्वार्टर्स यानी सैन्य आपात कमान के हेड थे। उन्होंने 4 दिन पहले ही यह पद संभाला था। अली शादमानी ने मेजर जनरल गुलाम अली राशिद की जगह ली थी। इजराइल ने 13 जून को हमले में उनकी हत्या कर दी थी। खतम अल-अनबिया हेडक्वार्टर्स ईरान की मुख्य सैन्य कमांड यूनिट है। यह युद्ध के वक्त पूरे देश की सैन्य रणनीति और एयर डिफेंस को देखती है। पिछले 5 दिनों के दौरान इजराइली हमलों में अब तक 224 ईरानी मारे जा चुके है, जबकि 1,481 लोग घायल हुए हैं। वहीं, इजराइल में अब तक 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 600 से ज्यादा घायल हैं।

ईरान की राजधानी तेहरान में और धमाके हुए
ईरान एक तरफ इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दाग रहा है, तो इजराइल भी लगातार उसकी राजधानी पर पलटवार कर रहा है। अभी कुछ देर पहले सेंट्रल और वेस्ट तेहरान में एक के बाद एक कई धमाकों की आवाज सुनाई दी। हालांकि, तेहरान में धमाकों की सटीक लोकेशन और टारगेट का पता नहीं चल पाया है।

अब इजरालियों को 30 मिनट पहले नहीं मिलेगी मिसाइल हमले की चेतावनी
इजराइल के नागरिकों को अब ईरान की तरफ से होने वाले मिसाइल हमलों की चेतावनी 30 मिनट पहले नहीं मिल पाएंगी। इजराइल की होम फ्रंट कमांड के अधिकारी कर्नल टाली वार्सानो आइजमैन ने बताया कि सेना को ईरान की तरफ से आने वाली मिसाइलों की पहचान करने में कठिनाई आ रही है। इसकी वजह से 15 से 30 मिनट चेतावनी देना अब संभव नहीं होगा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि पहचान में यह दिक्कत क्यों आ रही हैं। टीवी चैनल N12 से बात करते हुए आइजमैन ने कहा कि लोगों को रात शेल्टर में बिताने या किसी सुरक्षित जगह के पास रहने की सलाह दी गई है। अब तक इजराइली नागरिकों को 15-30 पहले चेतावनी मिल जा रही थी। इसकी वजह से उन्हें शेल्टर में जाने के लिए पर्याप्त समय मिलता था। अब चेतावनी मिलने में देरी या न मिल पाने की स्थिति भी बन सकती है।

ईरान ने फिर से इजराइल पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
ईरान ने मंगलवार शाम इजराइल पर फिर से बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। सेंट्रल इजराइल के कई इलाकों में सायरन की आवाज सुनाई दी। लोगों को बम शेल्टर्स में जाने और अगली सूचना तक वहीं रहने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, ताजा बैलिस्टिक मिसाइल हमले में किसी भी तरह की क्षति की कोई खबर नहीं है। इजराइल की रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की ओर से 10 मिसाइलें दागी गई हैं। आईडीएफ का कहना है कि उसने अधिकांश बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोक दिया।

नतांज न्यूक्लियर प्लांट में 15 हजार सेंट्रीफ्यूज मशीनों को नुकसान पहुंचा
ईरान के सबसे बड़े यूरेनियम एनरिचमेंट प्लांट, नतांज में काम कर रही लगभग 15 हजार सेंट्रीफ्यूज मशीनों को इजराइली हमले में नुकसान पहुंचा है। इसकी जानकारी संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने दी है। उन्होंने बीबीसी से बात करते हुए बताया कि इजराइल के हमले में बिजली कटने से मशीनों को नुकसान पहुंचा है या वे पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। सेंट्रीफ्यूज मशीनें यूरेनियम को एनरिच करने के लिए जरूरी होती हैं। इतनी बड़ी संख्या में मशीनें नष्ट होने से ईरान की परमाणु हथियार बनाने की कोशिशें धीमी हो सकती है।

ईरान बोला- मोसाद पर नई मिसाइल दागी, इसका पता लगाना मुश्किल
ईरान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसने इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर पर हवाई हमले के लिए एक नई मिसाइल का इस्तेमाल किया है। कोई भी डिफेंस सिस्टम इसका पता नहीं लगा सकता है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल रेजा तलाई-निक ने कहा कि आज के हमले में हमने ऐसी मिसाइलें तैनात कीं जिन्हें ट्रैक या इंटरसेप्ट नहीं किया जा सका। इसलिए यह इजराइल के कई लेयर वाले डिफेंस सिस्टम को भेदने में सफल रही। रेजा तलाई-निक ने कहा कि इजराइल के लिए यह हमला किसी सरप्राइज से कम नहीं था। वह आगे ऐसे और हमले देखेगा।

फिर धमाकों से दहला तेहरान, इजरायली एयर स्ट्राइक से दहले लोग, बोले- ऐसा विनाश पहले कभी नहीं देखा

एजेंसी, तेहरान| ईरान और इजराइल के बीच जारी भीषण संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार दोपहर एक बार फिर इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान के सेंट्रल इलाके में जोरदार हवाई हमला किया, जिसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की कई इमारतें हिल गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेहरान के कई हिस्सों में लगातार बमबारी हुई जिससे लोग दहशत में अपने घरों और दुकानों से बाहर भागने लगे। ऐतिहासिक ‘ग्रैंड बाजार’ को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है। शहर में सन्नाटा पसरा है, लोग अपने सामान लेकर राजधानी छोड़ते देखे जा रहे हैं।

ईरानी कमांडर की मौत की पुष्टि
इससे पहले इजराइल ने दावा किया था कि उसने ईरानी सेना के एक टॉप कमांडर मेजर जनरल अली शादमानी को मार गिराया है। अली शादमानी को कुछ ही दिन पहले युद्धकालीन चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी दी गई थी।उनकी मौत को ईरान के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने हाल ही में गुलाम अली राशिद की जगह ली थी, जो पिछले हफ्ते इजराइली हमले में मारे गए थे।

इजराइल को भी नुकसान
ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। सोमवार को ईरानी मिसाइलों ने इजराइल के हाइफा पोर्ट सिटी को निशाना बनाया जिससे कई इमारतें तबाह हुईं और भारी संख्या में नागरिक घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

तेहरान में हालात गंभीर
तेहरान में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोग जरूरी सामान लेकर शहर छोड़ रहे हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट ठप है और स्कूल-कॉलेज पहले ही बंद किए जा चुके हैं।अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों देशों से संयम बरतने की अपील कर रहा है, लेकिन फिलहाल जंग थमने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply