तेहरान। ईरान की राजधानी तेहरान में सुप्रीम कोर्ट में आतंकी घटना में दो जजों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में एक जज और सुरक्षा गार्ड शामिल है। कोर्ट में गोलीबारी की घटना होने के बाद अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। वहीं हमलावर ने खुद को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली। आतंकी ने जजों पर गोली चलाने के लिए हैंडगन का इस्तेमाल किया। जानकारी के अनुसार, यह घटना ईरान के समय के अनुसार सुबह करीब 10.45 बजे हुई। जब दोनों जज नेशनल सिक्योरिटी, आतंकवाद, जासूसी के मामलों की सुनवाई कर रहे थे। दोनों जजों पर गोली चलाने के बाद हमलावर मौके से भागा नहीं बल्कि उसने खुद को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली।
जबकि तीसरे जज को गंभीर चोटें आईं हैं और उनका इलाज चल रहा है। मारे गए जजों की पहचान अली रजिनी और मोघीसेह के तौर पर हुई है, ये ईरानी न्यायपालिका के वरिष्ठ जजों में शामिल थे। आपको बता दें कि इससे पहले भी आतंकियों ने जजों को निशाना बनाया है। इराक के पूर्व तानाशाह सद्दाम हुसैन को फांसी की सजा सुनाने वाले जज की 2014 में हत्या कर दी गई थी। हत्या की जिम्मेदारी आईएसआईएस ने ली थी। सद्दाम को 2006 में फांसी की सजा सुप्रीम इराकी क्रिमिनल ट्रिब्यूनल में सुनाई गई थी। इसकी अगुवाई जज रऊफ अब्दुल रहमान ने की थी। आतंकियों ने 16 जून 2014 को उनको किडनैप कर लिया था। इसके दो दिन बाद उनकी हत्या कर दी गई थी।


