समाजवादी पार्टी के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान पर 12 साल की बच्ची से बलात्कार का आरोप
अयोध्या| मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुक्रवार को बलात्कार पीड़िता के माता-पिता को आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद, शनिवार को अयोध्या जिला अधिकारियों ने समाजवादी पार्टी के नेता मोईद खान की अवैध रूप से निर्मित बेकरी को ध्वस्त कर दिया। समाजवादी पार्टी के भदरसा नगर अध्यक्ष मोईद खान पर 12 साल की बच्ची से बलात्कार का आरोप लगा है। उन्हें एक अन्य व्यक्ति के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अनिरुद्ध प्रताप सिंह और अयोध्या विकास प्राधिकरण के सचिव सत्येंद्र सिंह के साथ एसडीएम सोहावल अशोक सैनी की मौजूदगी में दो बुलडोजर की मदद से महज डेढ़ घंटे के अंदर सपा नेता की पूरी बेकरी को जमींदोज कर दिया गया। सूत्रों ने बताया कि बेकरी की बिल्डिंग के साथ-साथ उसकी दीवारें भी गिरा दी गईं। इसके बाद तालाब के दूसरे हिस्से में आरोपी सपा नेता द्वारा दीवार बनाकर किए गए अतिक्रमण को भी जमींदोज कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि आरोपी का मकान भी गिराया जाएगा। सहायक खाद्य आयुक्त मानिकचंद सिंह ने भी शुक्रवार को आरोपी मोईद खान की बेकरी पर छापा मारा। इस दौरान बेकरी में बन रहे खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इसके बाद बेकरी को सील कर दिया गया और उसका लाइसेंस रद्द कर दिया गया। बेकरी का निर्माण सरकारी ज़मीन के एक बहुत बड़े हिस्से पर किया गया था। इस ज़मीन के एक हिस्से में बेकरी थी जबकि एक बड़े हिस्से में फ़सलें उगाई जाती थीं। इस बीच, पुलिस ने भदरसा नगर पंचायत चेयरमैन और दो सपा नेताओं के खिलाफ पीड़ित लड़की के परिजनों को समझौता करने के लिए दबाव बनाने और धमकाने का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार रात पूराकलंदर थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर में कहा गया है कि चेयर मैन मोहम्मद राशिद, सपा नेता जय सिंह राणा व एक अन्य व्यक्ति के साथ रात करीब 11 बजे जिला महिला अस्पताल पहुंचे और प्राइवेट वार्ड में भर्ती दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों से मिले। उन्हें धमकाया और सुलह का दबाव बनाया।


