स्कूल भर्ती घोटाला : ईडी ने तृणमूल कांग्रेस विधायक व उनके रिश्तेदारों के परिसरों में मारा छापा

देश/प्रदेश नई दिल्ली पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय

एजेंसी, कोलकाता। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में सोमवार को पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के विधायक जीवन कृष्ण साहा और उनके कुछ रिश्तेदारों के परिसरों पर छापे मारे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। मुर्शिदाबाद जिले के बुरवान विधानसभा क्षेत्र से विधायक साहा के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत छापेमारी की जा रही है। सूत्रों ने बताया कि विधायक के कुछ रिश्तेदारों और सहयोगियों के परिसरों पर भी तलाशी ली जा रही है। साहा को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस ‘‘घोटाले’’ में संलिप्तता के आरोप में 2023 में गिरफ्तार किया था और बाद में रिहा कर दिया गया था। ईडी का धन शोधन का मामला सीबीआई द्वारा दर्ज की गई एक प्राथमिकी से उत्पन्न हुआ है, जिसे कलकत्ता उच्च न्यायालय ने समूह ‘सी’ और ‘डी’ कर्मचारियों, कक्षा 9 से 12 तक के सहायक शिक्षकों और प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती में कथित अनियमितताओं की जांच करने का निर्देश दिया था। ईडी ने इससे पहले इस मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी, उनकी कथित सहयोगी अर्पिता मुखर्जी, तृणमूल विधायक और पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष माणिक भट्टाचार्य के अलावा कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था। ईडी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद तृणमूल ने चटर्जी को निलंबित कर दिया था। जांच एजेंसी ने इस मामले में अभी तक चार आरोपपत्र दाखिल किए हैं।

गिरफ्तारी से बचने के लिए भाग रहे थे टीएमसी विधायक साहा, ईडी के अधिकारियों ने दौड़कर पकड़ा

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की बुरवान विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक जीवन कृष्ण साहा को प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने सोमवार को उस वक्त गिरफ्तार कर लिया जब छापेमारी के दौरान वह दीवार फंद कर भागने की कोशिश कर रहे थे। बता दें कि ये गिरफ्तारी बंगाल शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़ी जांच के दौरान हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईडी की टीम जब विधायक साहा के घर पहुंची तो वो अचानक पहली मंज़िल से कूद गए और दीवार फांदकर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। इस दौरान उन्होंने अपने मोबाइल फोन को पास के ड्रेनेज में फेंक दिया, लेकिन ईडी अधिकारियों ने उसे तुरंत निकालकर बरामद कर लिया।

Leave a Reply