भोपाल। मध्य प्रदेश में नौतपा की समाप्ति के बाद गर्मी के तेवर कुछ नर्म होते दिख रहे हैं। प्रदेश में रविवार को अधिकतर शहरों के तापमान में एक से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। सबसे अधिक 44 डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी और टीकमगढ़ जिले में दर्ज हुआ। कहीं लू नहीं चली। दिन के तापमान में प्रदेश में सबसे बड़ी गिरावट छिंदवाड़ा में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। यहां तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
जबलपुर में तापमान में कमी
जबलपुर में 4.5 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिवपुरी और टीकमगढ़ के बाद ग्वालियर में 43.5 और खजुराहो में 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
जल्दी मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग की मानें तो लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिल सकती है। मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, केरल में लगातार बारिश हो रही है। वहीं असम और मणिपुर में भी भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से हवाएं अरब सागर की ओर बह रही है, जिससे मध्य प्रदेश के साथ-साथ उत्तर भारत के कई राज्यों में जल्द बारिश की संभावना है। मप्र के अलावा छत्तीसगढ़, कर्नाटक, में भी अच्छी बारिश होगी।


