हॉर्मुज जलडमरूमध्य

ईरान ने भारत को बताया ‘सच्चा दोस्त’ : हॉर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे भारतीय टैंकर को दिया सुरक्षित रास्ता

अंतर्राष्ट्रीय ईरान देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। ईरान ने भारत के साथ अपनी गहरी दोस्ती का सम्मान करते हुए हॉर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे भारतीय तेल टैंकर ‘जग प्रकाश’ को सुरक्षित रास्ता दे दिया है। ईरान ने स्पष्ट संदेश दिया है कि इस तनावपूर्ण माहौल में भी भारत उसका एक ‘सच्चा दोस्त’ है।

जहाजरानी मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने जानकारी दी कि ओमान से गैसोलीन लेकर अफ्रीका जा रहा ‘जग प्रकाश’ अब हॉर्मुज के पूर्वी हिस्से से आगे बढ़ चुका है। हालांकि, स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं है क्योंकि ओमान और फारस की खाड़ी में भारत के करीब 27 जहाज और फंसे हुए हैं, जिन पर 700 से अधिक भारतीय नागरिक और नाविक सवार हैं। सरकार इन सभी की सुरक्षित निकासी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है।

ये भी पढ़े : रेलवे तत्काल टिकट बुकिंग में आधार की अनिवार्यता पर केरल हाई कोर्ट सख्त, रेलवे बोर्ड को लगाई फटकार

ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “भारत और ईरान दोस्त हैं, इसलिए हम भारत को सुरक्षित रास्ता देने के लिए तैयार हैं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से सहयोग और विश्वास का रिश्ता रहा है, जिसे ईरान प्राथमिकता देता है। राजदूत के इस बयान के कुछ ही घंटों बाद जहाजों की आवाजाही में बदलाव देखा गया।

यह घटनाक्रम भारत की मजबूत अंतरराष्ट्रीय कूटनीति को दर्शाता है, क्योंकि 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध के कारण ईरान ने इस समुद्री मार्ग को अन्य देशों के लिए लगभग ब्लॉक कर रखा है। वैश्विक तेल संकट और युद्ध के खतरे के बीच ईरान का यह लचीला रुख भारत की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और फंसे हुए भारतीय नागरिकों की घर वापसी के लिए एक बड़ी उम्मीद बनकर उभरा है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply