एजेंसी, मनाली| हिमाचल प्रदेश के मनाली में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ. जहां मनाली के रोहतांग दर्रे के पास राहनीनाला में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई. हादसे में कार सवार पांच में से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों में दो लोग पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले हैं. घायल युवक की भी पहचान हो गई है, वह भी होशियारपुर का ही रहने वाला है. इसके अलावा हादसे में जान गंवाने वाले कार चालक का नाम तो सामने आया है लेकिन उसका एड्रेस अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस ने शवों को खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हादसे में मारे गए लोगों की पहचान
• नरेंद्र कुमार, पुत्र चंद्र राम, कार चालक- पता अभी पता नहीं चल पाया.
• रंजीत सिंह, पुत्र पुर्जन दास, निवासी गांव मांड, तहसील दसुआ, जिला होशियारपुर, पंजाब, उम्र 31 वर्ष.
• हरविंदर सिंह, पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी गांव ठिंडा, पोस्ट ऑफिस चिपरा, जिला होशियारपुर, पंजाब, उम्र 27 वर्ष.
इसके अलावा हादसे में जान गंवाने वाले एक अन्य मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है. पुलिस शिनाख्त में जुटी हुई है.
घायल की पहचान
• रवि कुमार, पुत्र सोम राज, निवासी होशियारपुर, पंजाब, उम्र 24 वर्ष.
पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच जारी है. शुरुआती जांच में कार के अनियंत्रित होकर फिसलने की बात सामने आई है. डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गाड़ी सड़क की एक तरफ से स्किड करने के बाद आगे 10 मीटर तक फिसलती हुई गई.
कैसे हुआ हादसा
गौरतलब है कि घटना के बाद का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ नजर आ रहा रहा कि गाड़ी सड़क की एक तरफ से स्किड करने के बाद आगे 10 मीटर तक फिसलती हुई गई. इस दौरान चालक ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी रुकी नहीं और फिर नीचे चली गई. वीडियो में सड़क पर टायरों के निशान साफ नजर आ रहे हैं.


