नई दिल्ली| हरियाणा के हिसार में एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ईंट भट्ठे पर दीवार गिरने से 20 मजदूर और उनके कई बच्चे दब गए। इस हादसे के बाद चारों ओर चीख पुकार मच गई। इस भीषण हादसे में 4 बच्चों की दर्दनाक मौत हुई है। बता दें कि ये हादसा देर रात 1 बजे नारनौंद क्षेत्र के बुडाना गांव में सोनू ईंट भट्ठे पर चिमनी के पास की दीवार गिरने से हुआ। मजदूर अपने परिवार के साथ सो रहे थे तभी ये हादसा हुआ। मृतकों में 3 महीने की निशा, सूरज, विवेक (9) और नंदिनी (5) शामिल हैं।
यूपी के रहने वाले हैं सभी मजदूर
घटना के समय मजदूर ईंट पथाई और चिमनी के पास खड़ेंजे लगा रहे थे और दीवार के पास ही उनके बच्चे सो रहे थे, तभी अचानक दीवार ढह गई, जिससे मजदूर और उनके बच्चे मलबे में दब गए। ईंट भट्ठे पर काम करने वाले सभी मजदूर यूपी के आंबेडकर नगर जिले के बधाव गांव के निवासी हैं। इस हादसे में घायल हुई 5 वर्षीय गौरी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे हिसार के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस और जिला प्रशासन की टीम हादसे के बाद मौके पर पहुंच गई। उन्होंने घटना की जांच शुरू की। पीड़ितों को मदद का भरोसा दिलाया है।


