हमास की हामी से रूका युद्ध… ट्रंप ने इजरायल को दिया बमबारी रोकने का आदेश

अंतर्राष्ट्रीय गाजा देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, दीर अल-बलाह (गाजा)। गाजा में युद्ध खत्म कराने संबंधी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के कुछ बिंदुओं को हमास ने स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद ट्रंप ने इजराइल को बमबारी तुरंत रोकने का आदेश दिया है। हमास ने कहा है कि वह बंधकों को रिहा करेगा और सत्ता अन्य फलस्तीनियों को सौंपेगा, हालांकि योजना के दूसरे बिंदुओं पर फलस्तीनियों के बीच विस्तृत चर्चा होगी। हमास के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कुछ प्रमुख असहमतियां हैं, जिनपर विस्तृत चर्चा की जरूरत है। ट्रंप ने हमास के फैसले का स्वागत करते हुए लिखा, ‘‘मुझे लगता है कि वे दीर्घकालिक शांति के लिए तैयार हैं।’’ उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘इजराइल को गाजा में बमबारी तुरंत रोकनी होगी ताकि बंधकों को सुरक्षित और जल्द से जल्द रिहा कराया जा सके। फिलहाल हमले जारी रखना बहुत खतरनाक होगा।’’ इस बीच, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल गाजा में युद्ध खत्म कराने की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की योजना के ‘पहले चरण’ को लागू करने की तैयारी कर रहा है। प्रधानमंत्री ने शनिवार को जारी एक बयान में कहा कि इजराइल अपने सिद्धांतों के अनुसार युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप को पूरा सहयोग देगा।

गाजा में शांति प्रयासों में ‘निर्णायक’ प्रगति के बीच मोदी ने किया ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत, कहा- भारत हर कोशिश में साथ

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि गाजा में शांति प्रयासों में निर्णायक प्रगति के बीच भारत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व का स्वागत करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने चमरपंथी संगठन हमास की ओर से इजराइली बंधकों की रिहाई के संकेतों का उल्लेख किया और कहा कि यह क्षेत्र में शांति बहाल करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘भारत शांति की दिशा में किए गए सभी प्रयासों का दृढ़ता से समर्थन करता रहेगा।’’ ट्रंप ने इजराइल और हमास के बीच दो वर्ष से जारी युद्ध को समाप्त कराने की एक शांति योजना पेश की थी। हमास ने कहा कि वह बंधकों को रिहा करने तथा अन्य फलस्तीनियों को सत्ता सौंपने को तैयार है, लेकिन योजना के अन्य पहलुओं पर फलस्तीनियों के बीच और विचार-विमर्श की आवश्यकता है।

Leave a Reply