एजेंसी, मुंबई। दिवाली में अब ज्यादा वक्त बाकी नहीं रह गया है। हर साल की तरह इस बार भी दिवाली पर बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्मी धमाके होंगे। क्योंकि एक से बढ़कर एक फिल्में दिवाली के आगे-पीछे रिलीज होनी हैं। इनमें सबसे बड़ा नाम आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना स्टारर ‘थामा’ का है। यह मैडॉक के सुपरहिट हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की अगली फिल्म है। जानिए ‘थामा’ के अलावा और कौन-कौन सी फिल्में दिवाली या इसके आसपास रिलीज होने वाली हैं।
‘थामा’ है सबसे बड़ी रिलीज
दिवाली पर सबसे बड़ी रिलीज ‘थामा’ ही है। ‘थामा’ 21 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। मैडॉक के लोकप्रिय हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की ये पांचवीं फिल्म है। अब तक पसंद की गई इस यूनिवर्स की फिल्मों में अब ‘थामा’ एक नया अध्याय जोड़ने वाली है। ‘थामा’ में वैम्पायर्स की लव स्टोरी दिखाई जाएगी। इसीलिए मेकर्स इसे एक खूनी प्रेम कहानी बता रहे हैं। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शक इस फिल्म को लेकर और भी उत्साहित हैं और बेसब्री से इसका इंतजार कर रहे हैं। ‘थामा’ में आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना के अलावा नवाजुद्दीन सिद्दीकी, परेश रावल और फैसल मलिक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। नवाजुद्दीन सिद्दीकी फिल्म में विलेन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है, जो इससे पहले इस यूनिवर्स की फिल्म ‘मुंज्या’ का निर्देशन कर चुके हैं।
जुनूनी प्रेम कहानी लेकर आ रहे हर्षवर्धन राणे
एक ओर जहां ‘थामा’ एक खूनी लव स्टोरी लेकर आएगी, जिसमें कॉमेडी का तड़का होगा। वहीं दूसरी ओर ‘सनम तेरी कसम’ से सच्चे आशिकों में शुमार हर्षवर्धन राणे एक जुनूनी प्रेम कहानी लेकर आ रहे हैं। हर्षवर्धन राणे और सोनम बाजवा स्टारर ‘एक दीवाने की दीवानियत’ भी ‘थामा’ के साथ ही 21 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस साल ‘सैयारा’ एक सरप्राइज ब्लॉकबस्टर प्रेम कहानी रही है। ऐसे में अब ‘एक दीवाने की दीवानियत’ को हल्के में लेना बेईमानी होगी। हर्षवर्धन राणे युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय भी हैं।
फिल्म के गानों और टीजर से ये साफ है कि इस बार की कहानी ‘सनम तेरी कसम’ से ज्यादा इंटेंस होने वाली है। क्योंकि ये एक जुनूनी लव स्टोरी है। टाइटल ट्रैक से लेकर फिल्म के बाकी गानों को भी पसंद किया जा रहा है। सबसे खास बात ये है कि ‘थामा’ का ट्रेलर सामने आ चुका है, लेकिन अब तक ‘एक दीवाने की दीवानियत’ का ट्रेलर रिलीज नहीं किया गया है। इस फिल्म का निर्देशन मिलाप जावेरी ने किया है। अब देखना ये है कि ‘थामा’ और ‘एक दीवाने की दीवानियत’ में कौन बाजी मारता है।
एनिमेटेड फिल्म ‘महायोद्धा राम’ भी होगी रिलीज
एक ओर जहां ये दो बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होंगी, वहीं दूसरी ओर 3डी एनिमेटेड फिल्म ‘महायोद्धा राम’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। यह फिल्म 17 अक्तूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भगवान राम से जुड़ी फिल्म को दिवाली के मौके पर रिलीज करने से बेहतर मौका और क्या हो सकता है। ‘महावतार नरसिम्हा’ की सफलता के बाद अब इस फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह भी देखने को मिल रहा है। इस फिल्म में कुणाल कपूर ने प्रभु श्रीराम के किरदार को आवाज दी है। जबकि जिम्मी शेरगिल लक्ष्मण, मौनी रॉय माता सीता, मुकेश ऋषि हनुमानजी और गुलशन ग्रोवर ने रावण की आवाज दी है।


