एजेंसी, नई दिल्ली। एयर इंडिया की सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रही फ्लाइट को मंगोलिया में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। यह फ्लाइट संख्या एआई174 थी, जो 2 नवंबर को सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान क्रू को किसी तकनीकी गड़बड़ी का संदेह हुआ, जिसके बाद विमान को एहतियातन मंगोलिया के राजधानी उलानबटार के हवाई अड्डे पर उतार लिया गया। एयर इंडिया के मुताबिक, विमान सुरक्षित तरीके से लैंड कर गया और सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं। कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “एआई174 ने उड़ान के दौरान संभावित तकनीकी समस्या के संकेत पर एहतियातन कदम उठाया। विमान को सुरक्षित रूप से मंगोलिया की राजधानी उलानबटार में उतारा गया, जहां इंजीनियरिंग टीम आवश्यक जांच कर रही है।” एयर इंडिया ने यह भी बताया कि सभी यात्रियों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है और उन्हें जल्द से जल्द दिल्ली पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। एयर इंडिया ने इस अप्रत्याशित स्थिति के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फ्लाइट को मंगोलिया डायवर्ट करने का निर्णय पूरी तरह सुरक्षा मानकों के तहत लिया गया था। एयरलाइन ने स्थानीय प्राधिकरणों और अंतरराष्ट्रीय विमानन एजेंसियों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया कि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसी साल अहमदाबाद में एक प्लेन क्रैश में करीब 300 लोगों ने अपने जान गंवा दी थी। इस घटना की जांच अभी तक जारी है। विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। तभी से हवाई सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठाए जाते रहे हैं। एयरलाइंस कंपनियां भी विमान में किसी भी छोटी से छोटी दिक्कत को हल्के में नहीं लेती हैं।


