सी.वी. आनंद बोस

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस का इस्तीफा : बोले- सोच समझकर छोड़ा पद, गुप्त कारणों का खुलासा उचित समय पर ही करूँगा

देश/प्रदेश पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय

एजेंसी, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के राजभवन से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। रविवार को इस फैसले पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि पद त्यागने का यह निर्णय उन्होंने बहुत सोच-विचार कर लिया था। कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान बोस ने स्पष्ट किया कि उनके इस कदम के पीछे जो भी वजहें रही हैं, उन्हें फिलहाल वह सार्वजनिक नहीं करेंगे और सही वक्त आने तक ये कारण पूरी तरह गोपनीय रहेंगे।

ये भी पढ़े : बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर रोक लगाने वाला कर्नाटक बना देश का पहला राज्य, आंध्र प्रदेश में भी तैयारी शुरू

मूल रूप से केरल के निवासी आनंद बोस ने पद छोड़ने से महज एक हफ्ता पहले ही पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाया था। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपना कीमती वोट डालने के लिए बंगाल वापस जरूर आएंगे। जब मीडिया ने उनसे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हाल ही में बंगाल प्रशासन पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन और आदिवासियों के प्रति अनदेखी के आरोपों पर सवाल पूछा, तो उन्होंने बहुत ही नपे-तुले शब्दों में जवाब दिया। बोस ने कहा कि राष्ट्रपति का व्यक्तित्व अत्यंत गरिमापूर्ण और संतुलित है। उन्होंने अगर कुछ कहा है, तो उसके पीछे जरूर कोई ठोस आधार रहा होगा। उन्होंने यह भी जोड़ा कि राष्ट्रपति के वक्तव्य पर टिप्पणी करना उनके लिए उचित नहीं है। अब राजनीतिक हलकों में इस बात को लेकर कयासों का दौर शुरू हो गया है कि अचानक आए इस इस्तीफे के पीछे की असल कहानी क्या है और राज्यपाल किन गुप्त कारणों की ओर इशारा कर रहे हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply