सीबीआई के नए डायरेक्टर बने कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद, डीके शिवकुमार ने कहा था- वे नालायक

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| केंद्रीय जांच ब्यूरो को नया डायरेक्टर मिल गया है। सीबीआई के नए डायरेक्‍टर कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद होंगे। 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी सूद दो साल तक इस पद पर रहेंगे। सीबीआई निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल का दो साल का कार्यकाल 25 मई को समाप्त हो जाएगा। इसी दिन सूद पदभार ग्रहण कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि सीबीआई डायरेक्टर के लिए कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद, मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुधीर सक्सेना और एजीएमयूटी कैडर के ताज हसन के नाम पर चर्चा चल रही थी, जिसमें प्रवीण सूद सबकी पहली पसंद साबित हुए।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने डीजीपी प्रवीण सूद को नालायक कहा था। 14 मार्च को शिवकुमार ने कहा था कि हमारा डीजीपी नालायक है। वह इस पद के लायक नहीं है। वह तीन साल से डीजीपी हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता की तरह काम करते हैं। उनके खिलाफ एफआईआर होनी चाहिए। शिवकुमार ने आरोप लगाया था कि सूद ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर 25 केस दर्ज किए, लेकिन भाजपा नेताओं पर एक भी केस दर्ज नहीं किया। हमने चुनाव आयोग से भी शिकायत की है। उन्होंने प्रवीण सूद की गिरफ्तारी की मांग की थी। शिवकुमार ने कहा था कि चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार बनी तो सूद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रवीण सूद हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले हैं। उनके पिता ओम प्रकाश सूद दिल्ली सरकार में क्लर्क थे, जबकि मां कमलेश सूद दिल्ली के सरकारी स्कूल की टीचर थीं। सूद की स्कूलिंग दिल्ली के सरकारी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने आईआईटी दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बी टेक किया। 1986 में वे 22 साल की उम्र में आईपीएस बने। उन्हें कर्नाटक कैडर मिला। सर्विस के दौरान ही उन्होंने आईआईएम बेंगलुरु से पब्लिक पुलिस मैनेजमेंट में एमबीए पूरा किया। पुलिस सर्विस के शुरुआती दौर में वे बेल्लारी और रायचुर में एसपी रहे। इसके अलावा बेंगलुरु और मैसूरु में वे डीसीपी भी रहे।

Leave a Reply