हवाई सेवाओं पर ब्रेक

खाड़ी में युद्ध के चलते हवाई सेवाओं पर ब्रेक : सऊदी अरब में फंसे महाराष्ट्र के हजारों जायरीन, केरल में सैकड़ों उड़ानें रद्द

केरल देश/प्रदेश महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई/केरल। खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच उड़ानों के निलंबित होने से महाराष्ट्र में मुंबई और अन्य हिस्सों से लगभग पांच हजार उमरा जायरीन सऊदी अरब में फंसे हुए हैं। हाल के अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों, विशेष रूप से अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ किए गए हमलों के कारण अनिश्चितता उत्पन्न हुई है और हवाई संपर्क बाधित होने से जायरीनों की वापसी प्रभावित हुई है। सूत्रों के अनुसार, इनमें से अधिकतर जायरीनों ने अपनी 15 दिवसीय उमरा यात्रा पूरी कर ली थी और घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अचानक परिचालन में बदलाव और कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के रद्द होने के कारण वे वापस यात्रा करने में असमर्थ हैं। इनमें से कई लोग फिलहाल जेद्दा और मक्का में हैं और आगे के अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। साथ ही रमजान के आखिरी दिनों के दौरान नए जायरीनों के प्रस्थान को भी रोक दिया गया है जिससे उमरा यात्रा की योजना बना रहे लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

अखिल भारतीय हज एवं उमरा यात्रा संघ के महासचिव इमरान अल्वी ने बताया कि महाराष्ट्र के लगभग पांच हजार जायरीन वर्तमान में सऊदी अरब में उड़ानों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अगर अन्य राज्यों से आने वाले जायरीनों को भी शामिल किया जाए तो कुल संख्या और अधिक हो जाती है। उन्होंने कहा कि स्थिति अभी अनिश्चित है और पर्यटन संचालक जायरीनों को नवीनतम घटनाक्रमों से अवगत कराने के लिए उनसे लगातार संपर्क में हैं। भारत सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, एयर इंडिया, स्पाइसजेट, इंडिगो और अन्य एयरलाइनों द्वारा सऊदी अरब के लिए संचालित सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। इसी बीच, सऊदी अरब एयरलाइंस की आखिरी उड़ान आज दोपहर जेद्दा के लिए रवाना हुई, जिससे दोनों देशों के बीच उपलब्ध हवाई संपर्क और कम हो गए हैं। सऊदी अरब में फंसे जायरीनों के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था फिलहाल पर्यटन संचालकों और स्थानीय समन्वयकों द्वारा की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हवाई सेवाएं जल्द ही शुरू नहीं हुईं तो वित्तीय एवं रसद संबंधी चुनौतियां बढ़ सकती हैं। भारत सरकार राजनयिक स्तर पर घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रही है।

ये भी पढ़े : इजरायली हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत : गम में डूबा बाराबंकी का किंतूर गांव, यहीं से जुड़ी थीं पुश्तैनी जड़ें

कोच्चि। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण केरल से खाड़ी देशों के लिए उड़ानें सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहीं। अधिकारियों ने संकेत दिया कि यह व्यवधान कुछ और दिनों तक जारी रह सकता है। कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर सोमवार को कोच्चि से रवाना होने के लिए निर्धारित करीब 45 उड़ानों को रद्द दिखाया और इतनी ही यहां पहुंचने वाली उड़ानें रद्द दिखाई गईं। हालांकि, ओमान एयर की एक उड़ान सुबह मस्कट के लिए रवाना हुई। इसी तरह सऊदिया और एतिहाद एयरवेज की कुछ चुनिंदा उड़ानें निर्धारित समय पर रवाना हुईं। तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने बताया कि सोमवार को खाड़ी क्षेत्र के लिए निर्धारित 20 उड़ानें रद्द रहीं। पिछले तीन दिनों में तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे से आने-जाने वाली कुल 65 उड़ानें रद्द की गई हैं। कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने अपनी वेबसाइट पर खाड़ी देशों के लिए निर्धारित 10 उड़ानों को रद्द दिखाया है। कालीकट हवाई अड्डे पर भी करीब 20 उड़ानें रद्द रहीं। कालीकट से कुछ विदेशी विमानन कंपनियों ने ओमान और सऊदी अरब के गंतव्यों के लिए बेहद सीमित सेवाएं संचालित कीं। हवाई अड्डा अधिकारियों ने बताया कि विमानन कंपनियों ने सहायता केंद्र स्थापित किए हैं और प्रभावित यात्रियों के साथ समन्वय कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में संघर्ष थमने तक स्थिति ऐसे ही बने रहने के आसार हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply