शंभू बार्डर पर हालात तनावपूर्ण : किसानों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, कंटीली तार उखाड़ी, प्रदर्शनकारियो पर दागे गए आंसू गैस के गोले

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

अंबाला| पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर एक बार फिर किसानों और पुलिस के बीच टकराव देखने को मिल रहा है। दरअसल 9 महीने से कैंप लगाकर बैठे किसानों ने दिल्ली कूच शुरू कर दी है। 101 किसानों ने पैदल अंबाला की तरफ बढ़ते हुए 2 बैरिकेड पार कर लिए हैं। अब उन्हें हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री के बैरिकेड पर रोक लिया गया है। किसानों ने बैरिकेड और कंटीले तार उखाड़ दिए हैं। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने उन्हें चेतावनी दी। किसान और पुलिस आमने-सामने आ गए हैं। पुलिस की तरफ से किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। बैरिकेड पर लगी जाली हटाने पर पुलिस ने कार्रवाई की।किसानों को हरियाणा की तरफ से वापस जाने की अपील की जा रही है। वहीं किसानों का कहना है कि हमें अपनी राजधानी में जाने के लिए अनुमति की जरूरत नहीं है। खनौरी बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस ने सड़क की सफाई भी करके मिट्टी को हटा दिया है, ताकि अगर आंसू गैस के गोले दागने की जरूरत पड़ी तो सड़क की मिट्टी की वजह से प्रयास विफल न रहे।

शंभू बॉर्डर: प्रदर्शनकारी किसानों पर दागे गए आंसू गैस के गोले
शंभू। हरियाणा के सुरक्षाकर्मियों ने शुक्रवार को शंभू बार्डर पर बहुस्तरीय बैरिकेड के पास पहुंचे प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। शंभू बार्डर विरोध स्थल से दिल्ली की ओर पैदल मार्च शुरू करने वाले किसानों के जत्थे को वापस जाने के लिए मजबूर करने को लेकर कई राउंड आंसू गैस के गोले दागे गए। इस बीच, किसान नेताओं ने आज के लिए ‘दिल्ली चलो’ मार्च स्थगित करने की घोषणा की। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि कुछ किसानों को चोटें आईं और उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। हरियाणा पुलिस के अधिकारी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारी किसानों से आगे न बढ़ने को कह रहे हैं। कुछ किसान सड़क से लोहे की कीलें और कंटीले तार उखाड़ते नजर आए और उन्होंने धुएं से बचने के लिए गीले जूट के बोरे से अपने चेहरे ढके हुए थे। किसानों ने दावा किया कि हरियाणा के सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के एक समूह पर आंसू गैस के गोले दागे जो शांतिपूर्वक आगे बढ़ना चाहते थे। अंबाला जिला प्रशासन ने पहले ही बीएनएसएस की धारा 163 के तहत एक आदेश जारी कर दिया है, जिसके तहत जिले में पांच या अधिक लोगों के किसी भी गैरकानूनी जमावड़े पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

अंबाला में 9 दिसंबर तक इंटरनेट और बल्क एसएमएस सेवा निलंबित
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने शुक्रवार को अंबाला जिले के 11 गांवों में मोबाइल इंटरनेट और एक साथ कई लोगों को संदेश भेजने की सुविधा ‘बल्क एसएमएस सेवा’ को 9 दिसंबर तक निलंबित कर दिया। यह निलंबन ‘‘तनाव, विवाद, आंदोलन और सार्वजनिक शांति भंग’’ होने की आशंकाओं के कारण किया गया है, क्योंकि किसानों का एक समूह न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की मांग को लेकर दिल्ली तक मार्च करने की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार दोपहर को अंबाला के डंगडेहरी, लोहगढ़, मानकपुर, ददियाना, बारी घेल, लार्स, कालू माजरा, देवी नगर, सद्दोपुर, सुल्तानपुर और काकरू गांवों में प्रतिबंध लागू कर दिया गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) सुमिता मिश्रा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ये सेवाएं नौ दिसंबर रात 11.59 बजे तक निलंबित रहेंगी। पंजाब और हरियाणा सीमा पर शंभू बॉर्डर स्थित प्रदर्शन स्थल से 101 किसानों का एक जत्था शुक्रवार को पैदल मार्च शुरू करने वाले हैं। हरियाणा की सीमा पर अत्यधिक संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply