वोटों की चोरी से प्रधानमंत्री बने हैं मोदी, बोले राहुल गांधी- चुनाव आयोग इलेक्ट्रॉनिक डेटा दे, साबित कर देंगे

कर्नाटक देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, बेंगलुरु। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार वोटों की चोरी से बनी है। राहुल गांधी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर सत्तारुढ़ दल के साथ मिलकर नतीजों में हेरफेर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अगर हमें चुनावी आंकड़ों का डेटा मिल जाए तो हम साबित कर देंगे कि सिर्फ एक नहीं, बल्कि पूरे भारत में सीटें चुरायी गयी हैं और केंद्र की मोदी सरकार वोटों की चोरी से बनी है। वर्ष 2024 का जनादेश सिर्फ 25 सीटों के अंतर पर टिका है और 25 निर्वाचन क्षेत्रों में 34,000 से कम वोटों के अंतर से जीत हासिल की गयी है। उन्होंने कहा, “यह संविधान के मूल सिद्धांत ‘एक व्यक्ति, एक वोट’पर कुठाराघात है।” उन्होंने चेतावनी दी कि जिम्मेदार लोगों को एक-एक करके पकड़ा जाएगा। बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट के अंतर्गत महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में अपनी पार्टी की जांच का हवाला देते हुए श्री गांधी ने दावा किया कि 6.5 लाख वोटों में से 1.25 लाख फर्जी थे।

उन्होंने कहा कि, 2019 में महाराष्ट्र में भी इसी तरह के पैटर्न स्पष्ट थे, जहां एक करोड़ नए मतदाता विधानसभा चुनावों में शामिल हुए लेकिन लोकसभा चुनावों में नहीं और ऐसे सभी नए वोट भाजपा को गए। कर्नाटक में आंतरिक सर्वेक्षणों के मुताबिक कांग्रेस के 15-16 लोकसभा सीटें जीतने की भविष्यवाणी की गयी थी। राहुल गांधी ने कहा कि वे (भाजपा) जानते हैं कि अगर लोग इस डेटा पर सवाल उठाने लगे, तो उनकी पूरी व्यवस्था चरमरा जाएगी। चुनाव आयोग से पिछले 10 वर्षों की पूरी इलेक्ट्रॉनिक मतदाता सूची और सभी वीडियोग्राफी रिकॉर्ड जारी करने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी जानकारी को छिपाना अपराध को छिपाने और चुनाव में भाजपा की मदद करने के समान है। उन्होंने कर्नाटक सरकार से मतदाता सूची में कथित हेरफेर की जांच कर्नाटक की जनता के विरुद्ध एक आपराधिक कृत्य के रूप में करने का आग्रह किया। कांग्रेस नेता ने भाजपा की विचारधारा को संविधान के विरुद्ध और गरीबों, किसानों, मजदूरों तथा छोटे व्यापारियों के लिए हानिकारक बताते हुए ने संकल्प लिया कि कांग्रेस कार्यकर्ता संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करते रहेंगे। उन्होंने अंत में कहा, “संविधान अमर रहे, भारत अमर रहे।”

एसआईआर ‘संस्थागत चोरी’ है… राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप, कहा- भाजपा के साथ है साठगांठ

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को ‘‘संस्थागत चोरी’’ करार देते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि निवार्चन आयोग गरीबों के मताधिकार को छीनने के उद्देश्य से इस ‘‘चोरी’’ को अंजाम देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ ‘‘खुलेआम साठगांठ’’ कर रहा है। गांधी ने अपने यूट्यूब चैनल पर जारी एक वीडियो में आरोप लगाया कि बिहार में एसआईआर इसलिए लाया गया क्योंकि निर्वाचन आयोग जानता है कि ‘‘हमने उनकी चोरी पकड़ ली है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और भाजपा ‘‘मतों को चुराने’’ के लिए ‘‘साठगांठ’’ कर रहे हैं। गांधी ने एक दिन पहले ही एक संवाददाता सम्मेलन में देश भर के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में ‘‘वोट चोरी’’ मॉडल का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया था। गांधी ने शुक्रवार को वीडियो जारी कर कांग्रेस द्वारा की गई जांच और 2024 के लोकसभा चुनाव संबंधी कर्नाटक के एक विधानसभा क्षेत्र के आंकड़ों के विश्लेषण के बारे में बताया। गांधी ने कांग्रेस की जांच का हवाला देते हुए वीडियो में अपने आरोपों को दोहराया कि कर्नाटक की बेंगलुरु मध्य लोकसभा सीट के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में ‘‘पांच प्रकार की हेराफेरी’’ के माध्यम से एक लाख से अधिक वोट ‘‘चुराए’’ गए।

उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 वोट चुराए गए। गांधी ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि भारत में ऐसी 100 से अधिक सीट हैं। यहां जो हुआ है, वही उन सीट पर भी हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर भाजपा की 10-15 सीट कम होतीं तो मोदी प्रधानमंत्री नहीं होते और ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) गठबंधन की सरकार होती।’’ उन्होंने वीडियो में महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में पाई गई ‘‘पांच तरह की वोट चोरी’’ का जिक्र किया। गांधी ने आरोप लगाया कि महादेवपुरा क्षेत्र में 1,00,250 वोट की चोरी हुई, जिसमें 11,965 ‘डुप्लीकेट’ मतदाता, 40,009 फर्जी एवं अमान्य पते वाले मतदाता, 10,452 ‘बल्क’ मतदाता या एक ही पते पर पंजीकृत मतदाता, 4,132 फर्जी फोटो वाले मतदाता और 33,692 नए मतदाता के प्रपत्र छह का दुरुपयोग करके जोड़े गए मतदाता शामिल हैं। उन्होंने स्क्रीन पर ‘‘हेराफेरी के प्रत्येक तरीके’’ का उदाहरण दिखाकर अपने आरोपों पर विस्तार से बात की।

राहुल के आरोपों पर थरूर का बयान, कहा- गंभीर सवाल है… निर्वाचन आयोग तुरंत कार्रवाई करें

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने शुक्रवार को राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ के दावे का समर्थन करते हुए कहा कि ये गंभीर मुद्दे हैं, जिनका निर्वाचन आयोग को तत्काल समाधान करना चाहिए। लंबे समय बाद थरूर ने पार्टी में मतभेदों के बावजूद राहुल गांधी के रुख का इस तरह खुलकर समर्थन किया है। थरूर ने कांग्रेस के एक पोस्ट को ‘एक्स’ पर साझा करते हुए कहा, “ये महत्वपूर्ण सवाल हैं, जिनका सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं के हित में गंभीरता से जवाब देना जरूरी है। हमारा लोकतंत्र इतना कीमती है कि इसे लापरवाही, अक्षमता या जानबूझकर हस्तक्षेप से कमजोर नहीं होने देना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “निर्वाचन आयोग को तुरंत कदम उठाने चाहिए और आयोग के प्रवक्ता को इस मामले में देश को लगातार जानकारी देनी चाहिए।” राहुल गांधी ने गुरुवार को दावा किया था कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 वोटों की चोरी हुई, जबकि यह सीटभाजपा ने 32,707 वोटों के अंतर से जीती थी। इस दावे के समर्थन में महादेवपुरा की मतदाता सूची के आंकड़ों को संवाददाताओं के सामने प्रस्तुत किया गया था।

Leave a Reply