महिला हॉकी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास : इटली को हराकर विश्व कप 2026 के लिए किया क्वालीफाई, अब फाइनल में इंग्लैंड से भिड़ंत

खेल देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय हॉकी

एजेंसी, नई दिल्ली। हैदराबाद में आयोजित महिला हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर्स में भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम रखा है। सेमीफाइनल के बेहद रोमांचक मुकाबले में मेजबान भारत ने इटली को 1-0 से शिकस्त देकर न केवल खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया, बल्कि अगले साल बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले विश्व कप के लिए अपनी जगह भी पक्की कर ली है। मैच का सबसे अहम लम्हा 40वें मिनट में देखने को मिला जब मिडफील्डर मनीषा चौहान ने पेनल्टी कॉर्नर पर जोरदार प्रहार किया।

उनका यह शॉट विपक्षी टीम की रशर से टकराने के बाद दिशा बदलते हुए सीधे गोल पोस्ट के अंदर जा गिरा। मनीषा का यही गोल अंत में दोनों टीमों के बीच का अंतर साबित हुआ और भारत को जीत दिला दी। मुकाबले की शुरुआत से ही मैदान पर जबरदस्त संघर्ष देखने को मिला। पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल करने के लिए जूझती नजर आईं। भारत ने कई बार इटली के घेरे में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन विपक्षी टीम की मजबूत रक्षापंक्ति और गोलकीपर ने भारतीय मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में भी भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिन्हें गोल में तब्दील करने से इटली की रक्षात्मक दीवार ने रोक दिया। 18वें मिनट में नवनीत कौर के शानदार प्रयास को इटली की गोलकीपर ने बखूबी नाकाम किया।

ये भी पढ़े : ईरान ने भारत को बताया ‘सच्चा दोस्त’ : हॉर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे भारतीय टैंकर को दिया सुरक्षित रास्ता

तीसरे क्वार्टर में खेल का रुख पूरी तरह बदल गया। एक तरफ जहां इटली ने जवाबी हमला तेज किया, वहीं भारतीय गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम ने अपनी मुस्तैदी दिखाते हुए गोल होने से बचा लिया। इसी दौरान मनीषा चौहान के गोल ने भारतीय खेमे में उत्साह भर दिया। खेल के अंतिम चरण यानी चौथे क्वार्टर में इटली ने बराबरी करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया और भारतीय टीम पर भारी दबाव बनाया, लेकिन भारतीय रक्षकों ने अंतिम समय तक धैर्य बनाए रखा और विरोधी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। भारतीय महिला टीम की यह कामयाबी देश के लिए गौरव का पल है। अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत का सामना इंग्लैंड से होगा। घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय टीम इस टूर्नामेंट का खिताब जीतकर अपनी जीत का सिलसिला जारी रखना चाहेगी।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply