नई दिल्ली। विश्व कप 2023 में अफगानिस्तान का दमदार प्रदर्शन जारी है। अफगान ने नीदरलैंड्स को हराकर अपनी चौथी जीत हासिल की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अफगानिस्तान ने डच को 7 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ अफगानिस्तान अंक तालिका में 5वें स्थान पर पहुंच गई है। पाकिस्तान छठे स्थान पर खिसक गया। वहीं, नीदरलैंड्स सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया है। अफगान टीम के 7 मैचों में 8 अंक है। वह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बराबर है। अगर पाकिस्तान शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार जाता है, तो सेमीफाइनल की उम्मीद टूट जाएंगी। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नीदरलैंड्स ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। टीम 179 रन पर ढेर हो गई। डच टीम के 4 बल्लेबाज रन आउट हुए। जवाब में अफगानिस्तान ने 3 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाकर मैच जीत लिया।


