भोपाल| मध्यप्रदेश के झाबुआ से कांग्रेस विधायक और मप्र युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया को ऑल इंडिया आदिवासी कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। विक्रांत भूरिया अब शिवाजीराव मोघे की जगह लेंगे। भूरिया पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के बेटे हैं।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में थे विक्रांत भूरिया
विक्रांत भूरिया ने पिछले साल अप्रैल में मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ग्वालियर के मितेन्द्र दर्शन सिंह यादव को युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। विक्रांत भूरिया प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ने के बाद युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रेस में शामिल थे। लेकिन, सितंबर में जम्मू-कश्मीर के रहने वाले उदय भानु चिब को युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था।
आदिवासी वर्ग में को जोड़े रखने कांग्रेस का प्रयास
मध्यप्रदेश में 22 फीसदी आदिवासी आबादी है। प्रदेश की 230 में से 47 विधानसभा सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। इनमें से 24 सीटों पर बीजेपी और 22 सीटों पर कांग्रेस के विधायक हैं। एक सीट पर भारत आदिवासी पार्टी का कब्जा है। आदिवासी वर्ग कांग्रेस का परंपरागत वोटर माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ साल से ये छिटक सा गया है। जिसके कारण कांग्रेस की आदिवासियों में पकड़ ढीली हुई है। कांग्रेस आदिवासी वर्ग को वापस जोड़े रखने के लिए युवा नेताओं को आगे बढ़ा रही है। इसी संदर्भ में विक्रांत भूरिया की नियुक्ति को देखा जा रहा है।


