वंदे भारत ट्रेन

वंदे भारत ट्रेन के खाने में निकले कीड़े : अहमदाबाद-मुंबई रूट पर यात्रियों का हंगामा, आईआरसीटीसी ने कैटरिंग कंपनी पर लगाया 10लाख जुर्माना

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेन मानी जाने वाली वंदे भारत एक बार फिर विवादों में है। अहमदाबाद से मुंबई की ओर जा रही इस लग्जरी ट्रेन में यात्रियों को परोसे गए खाने में कीड़े मिलने से हड़कंप मच गया। इस गंभीर लापरवाही की खबर मिलते ही रेल प्रशासन और आईआरसीटीसी ने तुरंत कड़ा एक्शन लिया है। विभाग ने संबंधित कैटरिंग कंपनी पर लगाया 10लाख जुर्माना और साथ ही उस कंपनी का कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने का नोटिस भी थमा दिया है।

खाने की थाली में रेंगते मिले कीड़े

यह वाकया तब सामने आया जब ट्रेन के एक कोच में यात्रियों को नाश्ता और खाना दिया गया। खाने का पैकेट खोलते ही यात्री दंग रह गए क्योंकि उसमें कीड़े रेंग रहे थे। नाराज यात्रियों ने तुरंत इस खराब खाने की तस्वीरें और वीडियो बनाए और रेलवे की हेल्पलाइन पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। आदित्य डिडवानिया नाम के एक यात्री ने इस घटना को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया।

एक ही कोच में दो बार घटी घटना

हैरानी की बात यह रही कि कीड़े मिलने की यह घटना सिर्फ एक पैकेट तक सीमित नहीं थी। कोच के कम से कम दो अलग-अलग यात्रियों के खाने में कीड़े पाए गए। इस गंदगी को देखकर कोच में मौजूद अन्य यात्रियों ने भी खाना खाने से मना कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि इस ट्रेन में भोजन सप्लाई करने की जिम्मेदारी ‘मैसर्स वृंदावन फूड प्रोडक्ट्स’ (आरके ग्रुप) के पास थी, जिसके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की गई है।

रेलवे का सख्त एक्शन और भारी जुर्माना

यात्रियों की सेहत के साथ हुए इस खिलवाड़ को आईआरसीटीसी ने बेहद गंभीरता से लिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देना उनकी प्राथमिकता है और ऐसी लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कैटरिंग कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ उसे भविष्य के लिए ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद वंदे भारत जैसी हाई-प्रोफाइल ट्रेनों में खान-पान की व्यवस्था पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

ये भी पढ़े : होर्मुज संकट के बीच भारत की बड़ी जीत : थार रेगिस्तान से कच्चे तेल के उत्पादन में 70 फीसदी का उछाल

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply