रॉबर्ट वाड्रा के लिए बड़ा झटका : संजय भंडारी ब्लैक मनी केस में ईडी ने दाखिल की चार्जशीट, पहली बार बनाया मुख्य आरोपी 

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और उद्योगपति रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ ब्रिटेन में रहने वाले हथियार कारोबारी संजय भंडारी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में आरोप पत्र दाखिल किया है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अभियोजन शिकायत को यहां विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण कानून) अदालत में दायर किया गया है। वाड्रा पर मनी लॉन्ड्रिंग केस में यह दूसरा आरोप पत्र है। जुलाई में ईडी ने हरियाणा के शिकोहपुर में एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े धन शोधन मामले में भी उनके विरुद्ध आरोप पत्र प्रस्तुत किया था। भंडारी से जुड़े केस में एजेंसी 56 वर्षीय वाड्रा से पहले कई दौर की पूछताछ कर चुकी है। ब्रिटेन की अदालत भंडारी के प्रत्यर्पण अनुरोध को पहले ही ठुकरा चुकी है। जुलाई में दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित कर दिया था। दिल्ली में आयकर विभाग द्वारा 2016 में 63 वर्षीय भंडारी के परिसरों पर रेड की कार्रवाई के बाद वह लंदन भाग गया था। ईडी ने फरवरी 2017 में भंडारी और अन्य लोगों के खिलाफ पीएमएलए के तहत आपराधिक केस दर्ज किया था। यह मामला 2015 के ब्लैक मनी रोकथाम कानून के तहत आयकर विभाग द्वारा दाखिल आरोप पत्र पर संज्ञान लेने के बाद सामने आया था। एजेंसी इस केस में पहले ही दो आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है और वह लंदन में स्थित एक संपत्ति को लेकर भंडारी व वाड्रा के बीच संबंधों की जांच भी कर रही है। वाड्रा लगातार इस बात से इनकार करते रहे हैं कि लंदन में उनके पास प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से कोई संपत्ति मौजूद है।

Leave a Reply