उज्जैन। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को इंगोरिया से अपना रोड शो प्रारंभ करने के पहले कार्यकर्ताओं और कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उनसे बुधनी-इंदौर रेलवे लाइन के लिए अपनी जमीन अधिग्रहित करवा रहे किसान भी मिले। मुआवजे संबंधी समस्या बताई। इस पर राहुल ने मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि किसानों पर होने वाले अत्याचार के खिलाफ न्याय योद्धा बनें। हमारी सरकार बनी तो भूमि अधिग्रहण बिल पास करेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार जबरदस्ती फसलों पर बुलडोजर चलवा रही है।
3 घंटे देरी से प्रारंभ हुआ रोड शो
राहुल गांधी का रोड शो तय कार्यक्रम से करीब तीन घंटे देरी से प्रारंभ हुआ। 11 बजकर 50 मिनट पर राहुल गांधी के काफिले से पहले डोम से बाहर उनके साथ चल रहे चार बड़े कंटेनर निकले। इसके बाद बड़नगर की ओर रवाना हुए।
बड़नगर में नहीं रुका राहुल का कारवां
बड़नगर में राहुल गांधी का रोड शो प्रस्तावित था लेकिन इंगोरिया से करीब 3 घंटे देर से निकलने के कारण वे बड़नगर में नहीं रुके। मंच पर कार्यकर्ता स्वागत के लिए खड़े थे लेकिन कारवां में शामिल सभी गाड़ियां सीधी निकल गई। स्वागत के लिए लगाए मंच से कार्यकर्ता पुष्पवर्षा भी नहीं कर पाए। एक कार्यकर्ता राहुल गांधी को देने के लिए हाथ से बनाया चित्र लेकर आया था, लेकिन वह नहीं दे सका। यात्रा धार जिले के बदनावर की ओर रवाना हुई।


